Headlines

landslide :- मसूरी-देहरादून मार्ग पर भू-धसाव से यातायात ठप, पानीवाला बैंड के पास लगी वाहनों की लंबी कतार

मसूरी, 01 सितंबर 2026।

मसूरी-देहरादून मार्ग पर मंगलवार तड़के पानीवाला बैंड के पास भू-धसाव होने से सड़क यातायात के लिए बंद हो गई,

जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 5 बजे पानीवाला बैंड क्षेत्र में अचानक भू-धसाव होने से सड़क पर मलबा और पत्थर आ गए,

जिसके चलते मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई।

सड़क बंद होने की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम मौके पर पहुंची,

और जेसीबी मशीनों की सहायता से मलबा हटाने तथा मार्ग को सुचारु करने का कार्य शुरू कर दिया।

लोक निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता प्रदीप सिंह शाही ने बताया कि सुबह करीब 5 बजे भू-धसाव की घटना के बाद सड़क बंद हो गई थी।

वर्तमान में मौके पर रोड कटिंग और मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है।

उन्होंने बताया कि संबंधित क्षेत्र में हिल साइड कटिंग का कार्य भी किया जा रहा है,

ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।

उन्होंने कहा कि विभाग की टीम लगातार सड़क खोलने में जुटी हुई है।

यदि मौसम अनुकूल रहा और कार्य में कोई बाधा नहीं आई, तो सुबह करीब 9:30 बजे से 10 बजे के बीच मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।

मार्ग बंद होने के कारण मसूरी और देहरादून के बीच आवागमन करने वाले स्थानीय लोगों,

पर्यटकों तथा कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि मार्ग खुलने तक अनावश्यक यात्रा से बचें तथा यातायात पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

वहीं विभागीय अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जल्द से जल्द यातायात बहाल करने के प्रयास कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *