Headlines

SDM:- टिफिन पहुंचाते-पहुंचाते बनीं ऋषिकेश की मीनाक्षी भाटिया एसडीएम

ऋषिकेश 04 जून 2026।

मेहनत, संघर्ष और आत्मविश्वास के दम पर ऋषिकेश की बेटी मीनाक्षी भाटिया ने वह मुकाम हासिल किया है,जो आज हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है।

आर्थिक चुनौतियों से जूझते हुए टिफिन डिलीवरी का काम करने वाली मीनाक्षी ने उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (पीसीएस) परीक्षा में सफलता प्राप्त कर उप जिलाधिकारी (एसडीएम) पद हासिल किया है।

मीनाक्षी भाटिया की सफलता की कहानी संघर्ष से शुरू होकर उपलब्धि तक पहुंचने वाली एक प्रेरणादायक यात्रा है।

सीमित संसाधनों और आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने कभी अपने सपनों को टूटने नहीं दिया।

पढ़ाई जारी रखने के लिए उन्होंने टिफिन डिलीवरी का कार्य किया और साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी जारी रखी।

लगातार मेहनत और समर्पण का परिणाम आखिरकार सामने आया और उन्होंने उत्तराखंड पीसीएस परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर एसडीएम पद के लिए चयनित होने का गौरव प्राप्त किया।

उनकी इस उपलब्धि से परिवार, क्षेत्र और पूरे उत्तराखंड में खुशी का माहौल है।

मीनाक्षी के परिवार के लिए यह उपलब्धि और भी विशेष है, क्योंकि उनकी एक बहन पहले से ही सांख्यिकी अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।

एक ही परिवार की दो बेटियों का महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर पहुंचना समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।

मीनाक्षी भाटिया ने साबित कर दिया है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों,

यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।

उनकी यह उपलब्धि उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखते हैं।

स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने मीनाक्षी की सफलता पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए,

कहा कि उनकी कहानी संघर्ष, मेहनत और दृढ़ संकल्प की मिसाल है, जो आने वाली पीढ़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *