कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग, उत्तराखण्ड के अंतर्गत संचालित ‘मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना’ के तहत महिलाओं के लिए जापान में रोजगार का एक नया अवसर है।
जिला सेवायोजन अधिकारी विनायक श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत जापान में एल्डरली केयर गिविंग (Elderly Caregiving) के क्षेत्र में महिलाओं की भर्ती की जा रही है,
जिसमें चयनित अभ्यर्थियों को 80,000 रुपये से लेकर 1,00,000 रुपये (1 लाख) तक का मासिक वेतन दिया जाएगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस योजना के लिए केवल महिला अभ्यर्थी ही पात्र हैं।
20 से 27 वर्ष की आयु वर्ग की इच्छुक फ्रेशर या अनुभवी युवतियां इस अवसर का लाभ उठाने के लिए आधिकारिक पोर्टल www.celebrationofskillsuk.in पर अपना पंजीकरण करा सकती हैं। योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 8755597550 अथवा 18008902414 पर संपर्क किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि इस योजना के माध्यम से अब तक उत्तराखण्ड की 47 युवतियां सफलतापूर्वक जापान जाकर कार्य कर रही हैं और अपने सपनों को नई उड़ान दे रही हैं।
विभाग का उद्देश्य राज्य की अधिक से अधिक योग्य महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार और कौशल विकास के अवसर प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाना है।