उत्तराखंड के युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से उत्तराखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन की ओर से राजधानी देहरादून में विशेष कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना-4.0 के तहत 15 से 45 वर्ष तक के युवक-युवतियों को हॉस्पिटैलिटी और तकनीकी क्षेत्रों में तीन से चार माह का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
खास बात यह है कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली युवतियों के लिए निःशुल्क आवास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
उत्तराखंड स्किल डेवलपमेंट सोसाइटी की इस पहल के तहत युवाओं को प्रशिक्षण के साथ रोजगार और प्लेसमेंट के अवसरों से जोड़ने के लिए विभिन्न संस्थानों में 650 से अधिक सीटें उपलब्ध कराई गई हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में होटल मैनेजमेंट, फूड एंड बेवरेज सर्विस, हाउसकीपिंग, सोलर पीवी इंस्टॉलेशन, तकनीकी कार्यों और सप्लाई चेन मैनेजमेंट जैसे रोजगारपरक पाठ्यक्रम शामिल हैं।
आईएचएम में 500 से अधिक सीटों पर प्रशिक्षण
गढ़ी कैंट स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम), देहरादून में हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के दो प्रमुख पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
इनमें हाउसकीपिंग असिस्टेंट के लिए 150 सीटें और फूड एंड बेवरेज सर्विस असिस्टेंट के लिए 350 से अधिक सीटें उपलब्ध हैं।
इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को होटल, पर्यटन और आतिथ्य सत्कार से जुड़े उद्योगों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सहसपुर में तकनीकी प्रशिक्षण के अवसर
सहसपुर स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 12वीं पास और आईटीआई योग्यताधारी युवक-युवतियों के लिए तकनीकी प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है।
यहां सोलर पीवी इंस्टॉलर (इलेक्ट्रिकल) और असिस्टेंट मैकेनिस्ट (आयरन एंड स्टील) के 40-40 सीटों के बैच संचालित किए जाएंगे।
इन पाठ्यक्रमों के जरिए युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में रोजगार के लिए आवश्यक व्यावहारिक कौशल सिखाए जाएंगे।
दून विश्वविद्यालय में सप्लाई चेन एग्जीक्यूटिव का प्रशिक्षण
दून विश्वविद्यालय में 12वीं पास 100 छात्र-छात्राओं के लिए सप्लाई चेन एग्जीक्यूटिव का प्रशिक्षण उपलब्ध कराया गया है।
इस पाठ्यक्रम के माध्यम से युवाओं को लॉजिस्टिक्स, सप्लाई चेन और संबंधित औद्योगिक गतिविधियों के लिए तैयार किया जाएगा।
प्रशिक्षण के बाद प्लेसमेंट में भी मिलेगी सहायता
उत्तराखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन की नोडल अधिकारी विनीता बडोनी ने बताया कि,
प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना-4.0 के अंतर्गत 15 से 45 वर्ष तक के युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की गई है।
आईएचएम देहरादून में हॉस्पिटैलिटी, दून विश्वविद्यालय में सप्लाई चेन एग्जीक्यूटिव और सहसपुर स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में तकनीकी पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद युवाओं को प्लेसमेंट के लिए भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके साथ ही प्रशिक्षण लेने वाली युवतियों के लिए निःशुल्क आवास की सुविधा भी रखी गई है।
इन नंबरों पर करें संपर्क और पंजीकरण
इच्छुक युवक-युवतियां अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार संबंधित पाठ्यक्रमों में पंजीकरण कराने के लिए इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
– तकनीकी पाठ्यक्रम (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस): 9870835117
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयासरत है।
स्किल डेवलपमेंट मिशन की यह पहल प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप दक्ष बनाकर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।