Headlines

Kotdwar:- आप बलूनी को जिताओ, गढ़वाल की चिंता हम करेंगे – अमित शाह

पुष्कर सिंह धामी जब दिल्ली आते हैं तो विकास कार्यों की लंबी लिस्ट लेकर आते है – शाह।


कोटद्वार – केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को गढ़वाल लोकसभा के अंतर्गत कोटद्वार में भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के समर्थन में आयोजित विशाल विजय संकल्प रैली को संबोधित किया।

इस दौरान अमित शाह ने जनता से बलूनी को जिताने की अपील करते हुए कहा कि आप अनिल बलूनी को जिताओ, गढ़वाल की चिंता मैं करूंगा।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि 500 सालों के बाद रामलला अपना जन्मदिन राम मंदिर में मनाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि यह हम सबके लिए सौभाग्य की बात है कि हमने उनकी प्राण प्रतिष्ठा का दृश्य देखा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को जानबूझकर पिछले कई दशकों से लटकाते हुए आई जबकि मोदी जी ने महज पांच साल में ही राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का कार्य सम्पन्न कराया।

शाह ने कहा कि, मैं हमारे उत्तराखंड के युवा सीएम धामी को भी बहुत अभिनंदन देना चाहता हूँ। उन्होंने कहा कि, भारतीय जनसंघ ने अपनी स्थापन के समय से एक ही मांग रखी थी, समान नागरिक सहिंता।

उन्होंने कहा कि मुझे गर्व होता है कि पूरे भारत में सबसे पहले यह काम हमारे धामी ने किया और प्रधानमंत्री मोदी ने इसी तर्ज पर देश में इसे लाने के लिए हमारे संकल्प पत्र में अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहाड़ियों में कहने को तो आबादी कम है लेकिन देश की सीमाओं की रक्षा में उत्तराखंड के लोगों का अहम योगदान है।

उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने वन रैंक वन पेंशन का वादा किया था लेकिन यह वादा मोदी ने पूरा किया और 70 हजार करोड़ रुपये की धनराशि उन्होंने सीधा सेना के जवानों के खाते में डालने का काम किया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, मैं कांग्रेस नेताओं से पूछना चाहता हूँ। अपने काम का हिसाब देना चाहिए या नहीं, लेकिन कांग्रेसी हिसाब नहीं देते। उन्होंने कहा कि 10 साल तक उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार थी।

तब, उत्तराखंड के नेता मंत्री बने बैठे थे, लेकिन कांग्रेस ने 10 साल में महज 53 हजार करोड़ उत्तराखंड को दिये जबकि मोदी ने 1 लाख 66 हजार करोड़ रुपया सीधा ग्रांट के रूप में दिये। 82 हजार करोड़ इंफ्रा के लिए भेजे, और भी हजारों करोड़ के विभिन्न प्रोजेक्ट चल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि, जब भी धामी मिलने आते हैं तो मांगों की सूची लेकर आते हैं, इसे देखकर बहुत खुशी होती है और आज के विकसित हो रहे उत्तराखंड को देखकर संतोष भी मिलता है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पलायन रोकने के लिए पर्यटन को आगे बढ़ाना होगा। कांग्रेस के समय में डोली के सहारे लोग मार्गों तक आने को मजबूर होते थे लेकिन मोदी  ने आज 12 हजार करोड़ से ऑल वेदर रोड बना दिया है।

8 हजार करोड़ से दिल्ली देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर बन रहा है। गढ़वाल में रेल दौड़ने वाली है।उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी रेल सुरंग, उत्तराखंड में बन रही है। हेली सेवाओं का राज्य में लगातार विस्तार किया जा रहा है, एयरपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है।

पलायन रोकने को वाइब्रेंट विलेज मोदी लेकर आये हैं। उन्होंने कहा कि ये मोदी की गारंटी है कि जल्द 1980 से ज्यादा आबादी चीन बॉर्डर के गांव में होगी।

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खड़गे को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि खड़गे कहते हैं कि राजस्थान और उत्तराखंड वालों को कश्मीर से क्या मतलब, तो मैं उन्हें बता दूं कि कश्मीर बचाने के लिए सबसे ज्यादा लहू पहाड़ियों ने बहाया है।

उन्होंने कहा कि अनिल बलूनी के साथ मैंने काम किया है। उन्होंने जनता का आह्वान किया कि आप अनिल बलूनी को यहां से संसद भेजो, गढ़वाल की चिंता मैं करूंगा। उन्होंने कहा कि बलूनी ने राज्यसभा से सांसद रहते हुए पौड़ी में तारामंडल की स्थापना के साथ ही डॉपलर रडार लगवाने का कार्य किया।

इगास को भी अनिल बलूनी की वजह से देश जानने लगा है। आने वाले दिनों में यहां के मिलेट्स को भाजपा बाहर भेजने का काम करेगी। उत्तराखंड की रचना का विरोध कौन करता था, कांग्रेस। उत्तराखंड के युवाओं पर किसने गोली चलवाई, सब जानते हैं लेकिन उत्तराखंड को किसने बनाया। अटल  ने बनाया और मोदी इसको संवारने का काम कर रहे हैं।

उत्तराखंड में 14 हजार कांग्रेसी भाजपा में आ गए। कांग्रेस में पार्टी छोड़ने की दौड़ लगी है। उन्होंने कहा कि गढ़वाल भारत की सुरक्षा का गढ़ है। गढ़वाल का देश की सुरक्षा में बड़ा योगदान है, उन्होंने जनता का आह्वान किया कि गढ़वाल को एक ऐसा प्रतिनिधि दीजिए जो गढ़वाल का विकास कर सके।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने सभी को दुर्गा अष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए जनता से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी को वोट देकर समर्थन देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इतने दिनों के प्रचार में मैंने स्पष्ट देखा है कि एक बार फिर मोदी देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, पूर्व सांसद बलराज पासी, रेणु बिष्ट, आदित्य कोठारी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WordPress Hub TheSaaS X | Responsive SaaS, Startup & Business WordPress Theme Think AI – AI Startup & Technology WordPress Theme Thrive Apprentice Thrive Architect Thrive Clever Widgets Thrive Comments Thrive Headline Optimizer Thrive – Intranet & Community WordPress Theme Thrive Leads Thrive Optimize