Headlines

Red-Handed:- सिविल कोर्ट का नायब नाजिर 3,500 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ़्तार

बाजपुर/हल्द्वानी, 17 जुलाई 2026।

उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की ट्रैप टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए,

सिविल कोर्ट बाजपुर में तैनात नायब नाजिर ओम चौहान को 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी को एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके विरुद्ध एनआई एक्ट का एक मामला सिविल कोर्ट बाजपुर में विचाराधीन है।

मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता (राजीनामा) हो चुका था।

जब वह राजीनामा दाखिल करने के लिए न्यायालय पहुंचा, तब वहां तैनात नायब नाजिर ओम चौहान ने कथित तौर पर कोर्ट फीस के नाम पर 3,500 रुपये रिश्वत की मांग की।

शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था और उसने भ्रष्ट कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सतर्कता अधिष्ठान से शिकायत की।

शिकायत का सत्यापन किए जाने पर आरोप प्रथम दृष्टया सही पाया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक,

सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया।

विजिलेंस टीम ने 16 जुलाई 2026 को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ओम चौहान पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम निवाड़मुंडी, पोस्ट एवं थाना जसपुर,

जनपद ऊधमसिंहनगर को शिकायतकर्ता से 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए सिविल जज (जूनियर डिवीजन) बाजपुर न्यायालय स्थित कार्यालय से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।

इस सफल कार्रवाई पर सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए अपील-

सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है या भ्रष्टाचार में लिप्त है,

तो इसकी सूचना सतर्कता अधिष्ठान के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 अथवा,

व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9456592300 पर देकर भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

ये भी पढ़ें:   Fraud 🤢:-फर्जी आईपीएस ऑफ़िसर बनाकर करता था धोखाधड़ी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *