Headlines

Assault:-देहरादून में दिल दहला देने वाली वारदात: नशे में धुत बेटे ने पिता पर चाकू से किया हमला, उपचार के दौरान मौत

पंचूर वार्ता | पारिवारिक विवाद

देहरादून 10 नवम्बर 2026।

देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।

यहां नशे में धुत एक बेटे ने अपने ही 62 वर्षीय पिता पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घायल पिता को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ़्तार कर लिया है।

पुलिस मीडिया सेल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 9 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:15 बजे की है।

पुलिस को 112 के माध्यम से सूचना मिली कि चालंग, कुल्हान, सहस्रधारा रोड निवासी नितिन राणा ने अपने पिता मदन राणा (62 वर्ष), पुत्र धर्म सिंह राणा पर चाकू से हमला कर दिया है।

सूचना मिलते ही थाना राजपुर प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल मदन राणा को 108 एंबुलेंस की मदद से कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया,

जहां डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी आवश्यक साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया।

पारिवारिक विवाद बना वारदात की वजह

पुलिस पूछताछ में आरोपी नितिन राणा ने बताया कि वह नशे का आदी है और उसका परिवार के सदस्यों के साथ विवाद चल रहा था।

घटना के दिन नशे की हालत में उसकी अपने पिता मदन राणा के साथ कहासुनी हो गई। इसी दौरान पिता द्वारा डांटे जाने पर वह गुस्से और उत्तेजना में आ गया।

आरोप है कि इसके बाद उसने घर की रसोई में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से अपने पिता पर हमला कर दिया,

जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

आरोपी बेटा गिरफ्तार

राजपुर पुलिस ने घटनास्थल से ही आरोपी नितिन राणा को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नितिन राणा (35 वर्ष), पुत्र धर्म सिंह राणा, निवासी ग्राम चालंग, सहस्रधारा रोड, देहरादून के रूप में हुई है।

घरेलू विवाद में पिता की हत्या की इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *