उत्तराखंड के 26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
अपने विस्तृत संदेश में प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की 26 वर्षों की विकास यात्रा,
आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत, आधारभूत ढांचे के विस्तार, सीमांत क्षेत्रों के विकास और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों की सराहना की है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ’21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक’ बनाने के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर काम कर रही है।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि 9 नवंबर 2000 को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व और संकल्प से उत्तराखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया।
राज्य स्थापना दिवस प्रदेशवासियों के अदम्य साहस, स्वाभिमान और प्रगति के संकल्प को नमन करने का अवसर है।
राज्य गठन के समय जो सपने और आकांक्षाएं थीं, प्रदेश आज उन्हें पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत उत्तराखंड की पहचान-
प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड को प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक वैभव का अद्भुत संगम बताते हुए कहा कि मां गंगा और यमुना की उद्गम स्थली होने के साथ ही पंच केदार,
पंच प्रयाग और चारधाम की परंपरा इस प्रदेश को देश की आस्था का प्रमुख केंद्र बनाती है।
केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब, जागेश्वर धाम और आदि कैलाश जैसे धार्मिक स्थल करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े हैं।
उन्होंने उत्तराखंड से अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए केदारनाथ की दिव्य गुफा में साधना और आदि कैलाश की आध्यात्मिक यात्रा सहित यहां बिताए समय को याद किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की पूरी क्षमता है और डबल इंजन की सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है।
कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे को मिली नई गति-
प्रधानमंत्री ने पिछले एक दशक में प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हुए कार्यों की सराहना की।
उन्होंने लगभग 890 किलोमीटर लंबी चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना पर 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश तथा करीब 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को महत्वपूर्ण बताया।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को पर्यटन, व्यापार और उद्योगों के लिए नई संभावनाओं का मार्ग बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम होगा।
देहरादून एयरपोर्ट का विस्तार, पिथौरागढ़ एयरपोर्ट का संचालन और हेलीपैड नेटवर्क का विस्तार भी प्रदेश की कनेक्टिविटी को मजबूत कर रहा है।
केदारनाथ-बदरीनाथ धाम के विकास और सीमांत गांवों पर विशेष जोर-
प्रधानमंत्री ने केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण और बदरीनाथ धाम में लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से संचालित विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के विकास में उनकी दिव्यता, भव्यता और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है।
सीमांत क्षेत्रों के विकास पर जोर देते हुए उन्होंने वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत माणा, जादुंग, टिम्मरसैंण, नीति और गुंजी जैसे गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार,
स्थानीय संस्कृति, हस्तशिल्प और पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।
प्रधानमंत्री के अनुसार सीमावर्ती गांव देश की सुरक्षा और सामर्थ्य के प्रतीक हैं।
पर्यटन और कुंभ से मजबूत होगी स्थानीय अर्थव्यवस्था-
प्रधानमंत्री ने कहा कि पर्यटन उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है।
प्रदेश में होमस्टे योजना से हजारों स्थानीय परिवारों को आय के नए अवसर मिले हैं।
एडवेंचर टूरिज्म, विंटर टूरिज्म, वेडिंग टूरिज्म और 365-डे टूरिज्म को बढ़ावा देने के प्रयासों से स्थानीय रोजगार और पारंपरिक उत्पादों को नई पहचान मिल रही है।
उन्होंने हरिद्वार में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के लिए केंद्र सरकार की ओर से 500 करोड़ रुपये की सहायता का उल्लेख करते हुए विश्वास जताया कि यह आयोजन देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए यादगार बनेगा।
स्वास्थ्य, शिक्षा और महिला सशक्तीकरण की उपलब्धियों का उल्लेख-
प्रधानमंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत 98 प्रतिशत से अधिक ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंचने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
उन्होंने हरिद्वार, पिथौरागढ़, रुद्रपुर और अल्मोड़ा में मेडिकल कॉलेजों के संचालन तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की सराहना की।
शिक्षा के क्षेत्र में देवप्रयाग स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर, केंद्रीय विद्यालयों और पीएम श्री विद्यालयों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयासों का उल्लेख किया।
साथ ही प्रदेश द्वारा पूर्ण साक्षरता का लक्ष्य हासिल करने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
महिला सशक्तीकरण के लिए उज्ज्वला, स्वच्छ भारत, प्रधानमंत्री आवास और लखपति दीदी जैसी योजनाओं को प्रभावी बताते हुए कहा कि इनसे महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि को भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
ऊर्जा और जल परियोजनाओं से विकास को मिलेगा बल-
प्रधानमंत्री ने लगभग आठ हजार करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन 1000 मेगावाट क्षमता वाले टिहरी पम्प्ड स्टोरेज प्लांट के साथ लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना,
जमरानी बांध परियोजना और सॉन्ग बांध पेयजल योजना को प्रदेश के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
सुशासन और खेलों में उत्तराखंड की पहचान की सराहना-
प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू किए जाने को देश के लिए उदाहरण बताया।
इसके साथ ही सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण कानून और भू-कानून में पारदर्शिता लाने जैसे कदमों की भी सराहना की।
उन्होंने राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन और प्रदेश के खिलाड़ियों द्वारा 100 से अधिक राष्ट्रीय स्तर के पदक जीतने को गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में आयोजित हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा रन मैराथन को साहसिक खेलों के क्षेत्र में उत्तराखंड की नई पहचान से जोड़ा।
लोक संस्कृति और पारंपरिक उत्पादों को बताया प्रदेश की आत्मा-
प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति, लोकगीतों और पारंपरिक त्योहारों का उल्लेख करते हुए कहा कि नंदा देवी मेला,
उत्तरायणी मेला, जागेश्वर मेला, इगास-बग्वाल, छोलिया नृत्य और फूलदेई जैसी परंपराएं प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान हैं।
मंडुवे की रोटी, झंगोरे की खीर, बाल मिठाई और सिंगौड़ी जैसे पारंपरिक व्यंजन भी उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाते हैं।
प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
उन्होंने कहा कि लक्ष्य है कि प्रदेश का हर गांव, प्रत्येक परिवार और हर युवा विकास के अवसरों से जुड़े।
विकसित उत्तराखंड के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को मजबूती मिले।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री का जताया आभार-
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेजे गए शुभकामना संदेश और प्रदेश की विकास यात्रा की सराहना के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव और आत्मीय जुड़ाव प्रदेशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहा है।
उनके मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से उत्तराखंड विकास की नई संभावनाओं को साकार कर रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए प्रतिबद्ध है।
सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और प्रत्येक गांव, युवा, किसान, महिला तथा सीमांत क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए रोजगार, पर्यटन, निवेश और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में नए अवसर तैयार कर रहा है।
प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।