उत्तराखंड के 26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने देहरादून के कचहरी स्थित शहीद स्थल पहुंचकर,
उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान उन्होंने राज्य निर्माण आंदोलन में शहीद हुए आंदोलनकारियों को नमन करते हुए उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया।
इसके पश्चात गणेश गोदियाल उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।
यहां उन्होंने राज्य निर्माण के लिए आंदोलनकारियों द्वारा किए गए संघर्ष, त्याग और समर्पण को स्मरण किया।
इस अवसर पर गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड केवल एक भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि हमारी पहचान, अस्मिता और गौरव का प्रतीक है।
इस राज्य के निर्माण के लिए आंदोलनकारियों ने लंबा संघर्ष किया और अनेक लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस हमें उन महान शहीदों और आंदोलनकारियों के योगदान को याद करने का अवसर देता है, जिनके संघर्षों के परिणामस्वरूप उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हुआ।
शहीदों के सपनों का खुशहाल, समृद्ध और सशक्त उत्तराखंड बनाना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
गणेश गोदियाल ने राज्य निर्माण आंदोलन के सभी ज्ञात-अज्ञात शहीदों और आंदोलनकारियों को नमन करते हुए उनके सपनों के उत्तराखंड के निर्माण के संकल्प को दोहराया।