हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ प्रकरण को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर प्रदेश सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
इस मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल सहसपुर थाने पहुंचा और पुलिस को तहरीर सौंपते हुए मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि घटना को तीन सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक दोषियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक लापरवाही का मामला नहीं है, बल्कि इससे प्रदेश में सामाजिक सौहार्द और संवैधानिक मूल्यों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता पर भी सवाल खड़े होते हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि एक ओर हल्द्वानी में हुए कथित शुद्धिकरण प्रकरण के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है,
वहीं दूसरी ओर सामाजिक न्याय और समानता के मुद्दों को उठाने वाले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।
कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक आवाजों को दबाने और राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जातिवादी और भेदभावपूर्ण मानसिकता के खिलाफ आवाज उठाना किसी दल विशेष की राजनीति नहीं,
बल्कि संविधान की मूल भावना और सामाजिक न्याय की रक्षा का विषय है। उन्होंने कहा कि देश संविधान के सिद्धांतों पर चलता है और सभी नागरिकों को समान अधिकार प्राप्त हैं।
ऐसे में किसी भी प्रकार का सामाजिक या जातिगत भेदभाव स्वीकार नहीं किया जा सकता।
प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हुए कहा कि देश मनुवादी सोच से नहीं,
बल्कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान के अनुसार संचालित होता है।
कांग्रेस नेताओं ने दोहराया कि संविधान, सामाजिक न्याय और समानता सर्वोपरि हैं,
तथा सामाजिक भेदभाव के किसी भी रूप से समझौता नहीं किया जाएगा।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए,
ताकि समाज में गलत संदेश न जाए और संविधान प्रदत्त समानता एवं सामाजिक न्याय के मूल्यों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।
सहसपुर थाने में तहरीर देने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में चकराता विधायक प्रीतम सिंह के साथ पछुवादून जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय किशोर,
पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा, अल्पसंख्यक विभाग के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ताहिर अली, गुलजार अहमद,
विपुल जैन सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।