Headlines

Strategy:- उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2026: पहले दिन देहरादून वॉरियर्स और मसूरी क्वींस की जीत, कप्तान नंदिनी कश्यप बोलीं- हर मैच की बनाई है अलग रणनीति

देहरादून 21 सितंबर, 2026।

उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) 2026 के तीसरे सीजन का भव्य आगाज सोमवार को महिला वर्ग के दो धमाकेदार मुकाबलों के साथ राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, देहरादून में हुआ।

उद्घाटन दिवस पर खेले गए दोनों मुकाबलों में देहरादून वॉरियर्स और मसूरी क्वींस की टीमों ने अपने-अपने मैच जीतकर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की।

दिन के पहले मैच में देहरादून वॉरियर्स की कप्तान श्वेता वर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी पिथौरागढ़ हरिकेन्स की शुरुआत धीमी रही।

देहरादून की कसी हुई गेंदबाजी के सामने पिथौरागढ़ की बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल सकीं।

गायत्री आर्य (26 रन), अंकिता शाह (21 रन) और शगुन चौधरी (12 रन) के उपयोगी योगदान की बदौलत पिथौरागढ़ हरिकेन्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट गंवाकर 84 रन बनाए।

देहरादून वॉरियर्स के लिए मीनाक्षी जोशी ने शानदार स्पेल डालते हुए 4 ओवरों में 11 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके, जबकि वैशाली टोलेरा को 2 सफलताएं मिलीं।

85 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी देहरादून वॉरियर्स की टीम ने संयमित बल्लेबाजी की।

अंकिता बिष्ट ने नाबाद 29 रनों की टिकाऊ पारी खेली, जबकि करीना नेगी ने 26 रन और कप्तानी पारी खेलते हुए श्वेता वर्मा ने 12 रन बनाए।

देहरादून वॉरियर्स ने 14.1 ओवरों में 3 विकेट खोकर 85 रनों का लक्ष्य हासिल कर मैच 7 विकेट से अपने नाम कर लिया।

मैच में 3 विकेट चटकाने वाली मीनाक्षी जोशी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दिन के दूसरे मैच में मसूरी क्वींस की कप्तान नंदिनी कश्यप ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी बागेश्वर एरियल की टीम ने कप्तान प्रेमा रावत की 19 गेंदों में 36 रनों की तेजतर्रार पारी (5 चौके, 1 छक्का) और निर्जला के 20 रनों की मदद से 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 106 रन बनाए।

मसूरी क्वींस की ओर से रोशनी दानू औरियांशी तोमर ने 2-2 विकेट हासिल किए।

107 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मसूरी क्वींस की पारी के दौरान तेज बारिश ने खलल डाला, जिसके बाद मैच को ओवरों में कटौती कर नया लक्ष्य दिया गया।

डकवर्थ-लुईस (DLS) नियम के तहत मसूरी क्वींस को 11 ओवरों में 62 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला।

जवाब में मसूरी क्वींस की टीम ने 9 ओवरों में ही 1 विकेट के नुकसान पर 62 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया।

सलामी बल्लेबाज आरती भंडारी ने 41 गेंदों में नाबाद 40 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली, जबकि कप्तान नंदिनी कश्यप ने 26 रनों का योगदान दिया।

बेहतरीन बल्लेबाजी प्रदर्शन के लिए आरती भंडारी को प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।

जीत के बाद मसूरी क्वींस की कप्तान नंदिनी कश्यप ने टीम की रणनीति और UPL के मंच पर खुशी जताते हुए कहा, “इस जीत से पूरी टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है।

बारिश के बाद पिच आसान नहीं थी और गेंद नीची रह रही थी, इसलिए हमने और कोच ने सीधे बल्ले से खेलने की रणनीति बनाई, जिसे आरती ने मैदान पर बखूबी अंजाम दिया।”

उन्होंने आगे कहा, “हम केवल प्रवाह में बहने के बजाय हर विरोधी टीम और खिलाड़ी के लिए अलग-अलग ठोस रणनीति बनाकर उतर रहे हैं।

UPL जैसा बड़ा मंच, फ्लडलाइट्स और मीडिया एक्सपोजर अनकैप्ड खिलाड़ियों के लिए अपने हुनर को साबित करने का बेहतरीन जरिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *