देहरादून में आगामी 6 नवंबर 2026 को परेड ग्राउंड में प्रस्तावित जनसभा, पुलिस लाइन में आयोजित होने वाली अलंकरण परेड में अति विशिष्ट महानुभावों के आगमन तथा धनतेरस पर्व को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है।
शहर में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए कई मार्गों पर डायवर्जन, जीरो जोन, पार्किंग और सार्वजनिक परिवहन के लिए नए रूट निर्धारित किए गए हैं।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि 6 नवंबर को घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि जाम और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
परेड ग्राउंड जनसभा के दौरान रहेगा जीरो जोन-
जनसभा के दौरान रोजगार तिराहा से सीजेएम तिराहा होते हुए लैंसडाउन चौक तक सभी प्रकार के वाहनों के लिए जीरो जोन रहेगा।
इस दौरान:- सर्वे चौक से ओरियंट चौक और लैंसडाउन चौक जाने वाले वाहनों को रोजगार तिराहा से कनक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
– बुद्धा चौक से क्रॉस रोड जाने वाले वाहनों को एमकेपी के रास्ते भेजा जाएगा।
– आराघर चौक से ईसी रोड जाने वाले वाहनों को सीएमआई चौक, एमकेपी चौक और बुद्धा चौक होते हुए सुभाष रोड की ओर भेजा जाएगा।
जनसभा में आने वाली बसों के लिए निर्धारित रूट-
पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाली बसों के लिए रूट और पार्किंग निर्धारित की है।
1. हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाली बसें: रिस्पना पुल, धर्मपुर चौक, आराघर, द्वारका स्टोर, सर्वे चौक और रोजगार तिराहा होते हुए पानी की टंकी के पास यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद सीजेएम तिराहा, एमकेपी और रेसकोर्स होते हुए बन्नू स्कूल में पार्क होंगी।
2. रुड़की, भगवानपुर और आईएसबीटी से आने वाली बसें: पटेलनगर मंडी, सहारनपुर चौक, प्रिंस चौक, दर्शनलाल चौक, लैंसडाउन चौक और कनक चौक होते हुए दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद बन्नू स्कूल में पार्किंग होगी।
3. सहस्रधारा और रायपुर से आने वाली बसें: सहस्रधारा रोड, सहस्रधारा क्रॉसिंग और सर्वे चौक होते हुए सर्वे ऑफ इंडिया गेट के सामने यात्रियों को उतारेंगी। बसों की पार्किंग गुरुद्वारा ग्राउंड में होगी।
4. विकासनगर, चकराता और सहसपुर से आने वाली बसें: किशननगर चौक, बिंदाल, घंटाघर, ओरियंट चौक और कनक चौक होते हुए दून क्लब के सामने यात्रियों को उतारेंगी। इसके बाद गुरुद्वारा ग्राउंड में पार्क होंगी।
परेड ग्राउंड के आसपास पार्किंग व्यवस्था
वीआईपी पार्किंग:
– शेड पार्किंग
– कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग
– तिब्बती मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग
सामान्य पार्किंग (छोटे वाहन):
– रेंजर्स ग्राउंड
– काबुल हाउस पार्किंग
– मंगला देवी इंटर कॉलेज
बसों के लिए पार्किंग:
– बन्नू स्कूल ग्राउंड, रेसकोर्स
– गुरुद्वारा ग्राउंड, रेसकोर्स
– गुरुनानक ग्राउंड, रेसकोर्स
पुलिस लाइन में अलंकरण परेड के दौरान भी रहेगा जीरो जोन
पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित अलंकरण परेड के दौरान नेगी तिराहा से पुलिस लाइन पेट्रोल पंप होते हुए बन्नू स्कूल चौक तक सभी प्रकार के वाहनों के लिए जीरो जोन रहेगा।
नेगी तिराहा से बन्नू स्कूल की ओर जाने वाले वाहनों को गुरुनानक चौक की ओर भेजा जाएगा। वहीं बन्नू चौक से नेगी तिराहा की ओर जाने वाले वाहन गुरुनानक चौक और सूरी चौक होते हुए जाएंगे।
पुलिस लाइन में पार्किंग:
वीआईपी पार्किंग के लिए पुलिस लाइन शहीद स्मारक ग्राउंड, प्रशासनिक भवन एवं सम्मेलन कक्ष पार्किंग और एमटी सेक्शन ग्राउंड निर्धारित किए गए हैं।
सामान्य वाहनों के लिए गुरुनानक ग्राउंड रेसकोर्स में पार्किंग रहेगी।
धनतेरस पर बाजार जाने वालों के लिए पार्किंग की व्यवस्था –
धनतेरस पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग बाजारों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।
– धर्मपुर बाजार: रेसकोर्स क्षेत्र की पार्किंग में वाहन खड़े करें।
– नेहरू कॉलोनी: जीएसटी कार्यालय के दाएं और बाएं लिंक रोड पर पार्किंग रहेगी।
– रिस्पना क्षेत्र: राजीव नगर, विधानसभा तिराहे के निकट अंदरूनी सड़क किनारे पार्किंग होगी।
– प्रेमनगर बाजार: दशहरा ग्राउंड में वाहन पार्क करें।
– रायपुर शिव मंदिर बाजार: मालदेवता रोड की पार्किंग का उपयोग करें।
पलटन बाजार में लोडिंग वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित-
धनतेरस के दौरान पलटन बाजार में भीड़ नियंत्रित करने के लिए लोडिंग वाहनों का प्रवेश सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।
दर्शनी गेट, तिलक रोड, भंडारी चौक, अंसारी मार्ग, तहसील चौक और डिस्पेंसरी रोड से लोडिंग वाहन पलटन बाजार में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
व्यापारियों को सुबह 10 बजे से पहले लोडिंग का कार्य पूरा करना होगा।
लोडिंग वाहनों के लिए वन-वे व्यवस्था के तहत केवल राजा रोड से पीपल मंडी होते हुए दर्शनी गेट की ओर जाने की अनुमति होगी।
पलटन बाजार के व्यापारियों के वाहनों को टोकन के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। अन्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात सामान्य रहने की स्थिति में विक्रम, ऑटो और ई-रिक्शा अपने निर्धारित रूट पर चलेंगे। शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
विक्रम और सिटी बसों के रूट में भी बदलाव-
जनसभा और धनतेरस के मद्देनजर सार्वजनिक परिवहन के लिए भी नए रूट और ड्रॉप-पिकअप प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं।
– राजपुर रोड से ओरियंट चौक आने वाले नंबर-1 विक्रम ग्लोब चौक तक आएंगे। वहां से पैसिफिक तिराहा, सुभाष रोड और बेनी बाजार होते हुए वापस जाएंगे।
– रायपुर रोड से दर्शनलाल चौक आने वाले नंबर-2 विक्रम सर्वे चौक से वापस भेजे जाएंगे।
– रिस्पना की ओर से आने वाले नंबर-3 विक्रम रिची-रिच तिराहे से आईजी कट, दून चौक और एमकेपी चौक होते हुए वापस जाएंगे।
– नंबर-5 और नंबर-8 विक्रम तहसील चौक तक आ सकेंगे।
– राजपुर रोड जाने वाली सिटी बसों का नया ड्रॉप-पिकअप प्वाइंट ओरियंट चौक रहेगा।
– डोईवाला और सहस्रधारा जाने वाली सिटी बसों का नया ड्रॉप-पिकअप प्वाइंट रेंजर्स ग्राउंड होगा।
यातायात का दबाव बढ़ने पर अतिरिक्त डायवर्जन भी लागू किए जाएंगे। विक्रम नंबर-3 को धर्मपुर से प्रिंस चौक, तहसील चौक,
एमकेपी और सीएमआई चौक होते हुए भेजा जाएगा। नंबर-5 और 8 को रेलवे स्टेशन से, नंबर-2 को सहस्रधारा क्रॉसिंग से तथा नंबर-1 को ओरियंट चौक से वापस किया जाएगा।
प्रेमनगर और कोलागढ़ रूट के नंबर-7 और 8 विक्रम बिंदाल कट से वापस भेजे जाएंगे।
राजपुर रोड की सिटी बसें तहसील चौक, दर्शनलाल चौक और घंटाघर होते हुए संचालित होंगी।
विश्वनाथ सेवा की बसें चुना भट्ठा से चलेंगी, जबकि रायपुर रोड से घंटाघर जाने वाली सिटी बसें सर्वे चौक और बहल चौक होते हुए जाएंगी।
यातायात का दबाव बढ़ने पर इन मार्गों पर होगा डायवर्जन-
पुलिस के अनुसार सर्वे चौक पर दबाव बढ़ने पर रायपुर से आने वाले वाहनों को कर्जन रोड तिराहा से म्यूनिसिपल रोड की ओर भेजा जाएगा।
घंटाघर पर दबाव बढ़ने पर राजपुर रोड से आने वाले वाहनों को ओरियंट चौक से कनक चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
दर्शनलाल चौक से घंटाघर जाने वाले वाहनों को लैंसडाउन चौक की ओर भेजा जाएगा।
धर्मपुर चौक पर दबाव बढ़ने की स्थिति में माता मंदिर रोड से आने वाले वाहनों को रेसकोर्स की ओर तथा नेहरू कॉलोनी तिराहे से धर्मपुर जाने वाले वाहनों को फव्वारा चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
पलटन बाजार, धामावाला बाजार, मच्छी बाजार और पीपल मंडी में यातायात का दबाव अधिक होने पर सभी प्रकार के वाहनों के लिए जीरो जोन रहेगा। यहां केवल पैदल यात्रियों को प्रवेश मिलेगा।
अलग-अलग क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त पार्किंग स्थल-
यातायात पुलिस ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए अतिरिक्त पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए हैं।
सहस्रधारा, रायपुर, राजपुर रोड और सुभाष रोड क्षेत्र से आने वाले वाहन:
– सर्वे चौक से नैनी बेकरी की ओर 60 मीटर तक।
– काबुल हाउस, सर्वे चौक के पास।
– मंगला देवी इंटर कॉलेज परिसर (दोपहर 3 बजे से)।
– कनक चौक मल्टीस्टोरेज पार्किंग।
– एमडीडीए कॉम्प्लेक्स, घंटाघर।
चकराता रोड, जीएमएस रोड और गढ़ी कैंट क्षेत्र से आने वाले वाहन:
– जनपथ कॉम्प्लेक्स, बिंदाल।
– रेंजर्स ग्राउंड, बुद्धा चौक के पास (दोपहर 3 बजे से)।
ईसी रोड, रिस्पना पुल, धर्मपुर, जोगीवाला और नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से आने वाले वाहन:
– रेंजर्स ग्राउंड (दोपहर 3 बजे से)।
– दरबार साहिब, तहसील चौक के पास।
– राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स, तहसील चौक।
सहारनपुर चौक, कांवली रोड, पटेलनगर और पथरीबाग क्षेत्र से आने वाले वाहन:
– पुराना बस अड्डा, द्रोण होटल के पास।
– पुलिस कार्यालय, दून अस्पताल के पास।
– नगर निगम कार्यालय परिसर (दोपहर 3 बजे से)।
पलटन बाजार आने वाले दोपहिया वाहनों के लिए:
– गांधी इंटर कॉलेज (दोपहर 3 बजे से)।
– सीएनआई स्कूल (दोपहर 3 बजे से)।
रेंजर्स ग्राउंड, सीएनआई स्कूल, नगर निगम, पुलिस कार्यालय और गांधी इंटर कॉलेज में पार्किंग की सुविधा दोपहर 3 बजे से उपलब्ध रहेगी।
नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर 1500 रुपये जुर्माना-
यातायात पुलिस ने चेतावनी दी है कि नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने पर ट्रैफिक क्रेन से वाहन टो किया जाएगा। इसके लिए 1500 रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया है।
पुलिस ने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स संचालकों से अपने परिसरों की बेसमेंट पार्किंग आमजन के लिए खोलने की अपील की है। ऐसा नहीं करने पर संबंधित के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
यातायात पुलिस की आमजन से अपील
यातायात पुलिस देहरादून ने धनतेरस और जनसभा के दौरान शहर में संभावित भीड़ को देखते हुए,
नागरिकों से अधिक से अधिक दोपहिया वाहनों और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की है।
लोगों से स्थानीय बाजारों में खरीदारी करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और अंतिम समय में बाजारों में जाने से बचने का अनुरोध किया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस, पुलिस और फायर सर्विस जैसे आवश्यक सेवाओं के वाहनों को नहीं रोका जाएगा और न ही उन्हें डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात पुलिस का संदेश है कि धैर्य बनाए रखें, अनावश्यक हॉर्न न बजाएं और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
6 नवंबर को घर से निकलने से पहले अपना रूट और पार्किंग स्थल जरूर तय कर लें, ताकि त्योहार की खरीदारी और शहर में आवागमन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।