Headlines

Kumbh 2027: जूना अखाड़े की पेशवाई की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन और अखाड़े ने किया विचार-विमर्श

पंचूर वार्ता | पेशवाई रहेगी आकर्षण का केंद्र

हरिद्वार, 13 नवंबर 2026।

कुंभ मेला-2027 में अखाड़ों की भव्य पेशवाइयां धार्मिक एवं सांस्कृतिक आकर्षण का प्रमुख केंद्र होंगी।

इन पारंपरिक शोभायात्राओं के साथ ही अखाड़े अपनी छावनियों में प्रवेश कर कुंभ पर्व में प्रतिभाग करेंगे।

पेशवाई के दौरान श्रद्धालुओं और धर्म-संस्कृति में रुचि रखने वाले लोगों को अखाड़ों की समृद्ध परंपराओं, धार्मिक वैभव और विशिष्ट पारंपरिक स्वरूप के दर्शन का अवसर मिलेगा।

इन आयोजनों को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मेला प्रशासन और अखाड़ों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

इसी क्रम में शुक्रवार को मेला प्रशासन, पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने जूना अखाड़े के पदाधिकारियों के साथ प्रस्तावित पेशवाई मार्ग,

रमता पंचों के विश्राम स्थल और अखाड़े की छावनी से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

पांडेवाला स्थित गुघाल मंदिर परिसर में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती सहित अन्य अधिकारियों एवं अखाड़े के संतों ने पूजा-अर्चना की।

इसके उपरांत पेशवाई के आयोजन एवं उससे संबंधित व्यवस्थाओं की रूपरेखा पर चर्चा की गई।

अधिकारियों ने पांडेवाला मंदिर से जूना अखाड़े की छावनी तक के पारंपरिक मार्ग में पड़ने वाले प्रमुख चौराहों, बाजारों, संकरे स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया।

इस दौरान संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से आवश्यक कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पेशवाई से संबंधित रमता पंचों के श्यामपुर स्थित विश्राम स्थल तथा वहां से पेशवाई के प्रस्थान की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।

रमता पंचों के विश्राम स्थल से पेशवाई के प्रारंभिक स्थल और वहां से जूना अखाड़े की छावनी तक की व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

पेशवाई में शामिल होने वाले साधु-संतों, अखाड़े के प्रतिनिधियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात प्रबंधन,

निर्बाध आवागमन तथा स्वच्छता की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया।

इस दौरान मार्ग की मरम्मत एवं सुधार, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा शिविर,

अग्निशमन प्रबंध तथा मार्ग में आने वाले पेड़ों की लॉपिंग सहित विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

इसके साथ ही पेशवाई के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात सुचारु रखने के लिए आवश्यक प्रबंधों पर भी चर्चा हुई।

अधिकारियों ने जूना अखाड़े के अध्यक्ष  प्रेमगिरि, उपाध्यक्ष महेश पुरी एवं सचिव शैलेन्द्र गिरि तथा महंत भास्कर पुरी से व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की।

अखाड़े के पदाधिकारियों से प्राप्त सुझावों को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए,

ताकि पेशवाई के दौरान साधु-संतों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस दौरान उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, सीओ (कुंभ) उमेश मलिक,

तकनीकी सेल के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार भट्ट, मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन कार्की,

मेला अधिष्ठान के व्यवस्था अधिकारी विकास शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ मेला-2027 में अखाड़ों की पेशवाइयां धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखती हैं।

इन आयोजनों को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराना मेला प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अखाड़ों के प्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।

स्थलीय निरीक्षण एवं विचार-विमर्श के दौरान सामने आए बिंदुओं पर प्राथमिकता से प्रभावी कार्रवाई की जाए,

ताकि पेशवाई के दौरान साधु-संतों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

ये भी पढ़ें:   Sun Worship🌞:- छठ महापर्व का आगाज आज नहाय-खाय के साथ, चार दिनों तक सूर्य उपासना में लीन रहेंगे व्रती

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *