Headlines

Voter List:- उत्तराखण्ड में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 72.78 लाख मतदाता शामिल; 11 दिसंबर तक जुड़वा सकते हैं नाम

पंचूर वार्ता|ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित

देहरादून 13 नवम्बर 2026।

उत्तराखण्ड में आगामी चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान शुरू हो गया है।

एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को कर दिया गया है।

प्रारूप मतदाता सूची में राज्य के कुल 72 लाख 78 हजार 35 मतदाताओं को शामिल किया गया है।

शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में 34,84,447 महिला, 37,93,373 पुरुष और 215 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त प्रदेश में 86,028 सर्विस मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 83,352 पुरुष और 2,676 महिला मतदाता हैं।

प्रदेश में बने 12,498 मतदान केंद्र

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद उत्तराखण्ड में अब कुल 12,498 मतदान केंद्र हो गए हैं।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश में 4 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया गया था।

इस दौरान 1,25,216 नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए गए,

जबकि फार्म-7 के माध्यम से प्राप्त 6,130 आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण किया गया।

11 दिसंबर तक जुड़वा सकते हैं मतदाता सूची में नाम

निर्वाचन विभाग ने ऐसे युवाओं और नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का अवसर दिया है,

जो एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं अथवा किसी कारणवश अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं।

ऐसे नागरिक 11 दिसंबर 2026 तक फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के माध्यम से ऑफलाइन जमा किया जा सकता है।

इसके अलावा ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।

वेबसाइट पर घर बैठे देख सकेंगे मतदाता सूची

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.voter.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखण्ड की वेबसाइट www.ceo.uk.gov.in पर उपलब्ध है।

नागरिक इन वेबसाइटों पर जाकर अपना नाम और मतदाता सूची से संबंधित विवरण देख सकते हैं।

इसके अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) कार्यालय और संबंधित बीएलओ के माध्यम से भी मतदाता सूची का अवलोकन किया जा सकता है।

मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई गई है,

जबकि जनपद स्तर पर हार्ड कॉपी भी उपलब्ध कराई जा रही है।

4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन

निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी।

इसके बाद 28 दिसंबर 2026 तक प्राप्त दावे-आपत्तियों का निस्तारण और सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

अक्टूबर में जारी अंतिम सूची में थे 71.58 लाख मतदाता

गौरतलब है कि उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत तीन अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी।

उस समय प्रदेश में कुल 71,58,949 मतदाता दर्ज थे। इनमें 34,21,036 महिला, 37,37,701 पुरुष और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे।

अब 12 नवंबर को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 72,78,035 हो गई है।

इस प्रकार पिछली अंतिम सूची की तुलना में प्रारूप सूची में 1,19,086 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे।

निर्वाचन विभाग ने प्रदेश के नागरिकों से अपील की है कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें।

यदि नाम छूट गया है या किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक है तो निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित आवेदन और दावे-आपत्तियां दर्ज कराएं,

ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *