Headlines

Arrested:- छात्रों के समर्थन में देर रात मुख्यमंत्री आवास पहुंचीं ज्योति रौतेला, धरने पर बैठीं,पुलिस ने किया गिरफ़्तार

देहरादून 03 सितंबर 2026।

उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय के लंबित परीक्षा परिणामों को लेकर छात्रों का आंदोलन अब राजनीतिक रंग लेने लगा है।

गुरुवार देर रात कांग्रेस महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला छात्रों के समर्थन में मुख्यमंत्री आवास पहुंचीं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गईं।

इस दौरान मुख्यमंत्री आवास के बाहर काफी देर तक प्रदर्शन और नारेबाजी होती रही।

बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्योति रौतेला सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

प्रदर्शन के दौरान ज्योति रौतेला ने राज्य सरकार पर छात्रों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों के छात्रों के परीक्षा परिणाम वर्षों से लंबित पड़े हैं,

जिससे हजारों छात्रों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर संवेदनशीलता नहीं दिखा रहे हैं।

धरने में शामिल छात्रों ने बताया कि पिछले करीब चार वर्षों से विभिन्न पाठ्यक्रमों के परीक्षा परिणाम समय पर घोषित नहीं किए जा रहे हैं।

कई परीक्षाओं के परिणाम महीनों से लंबित हैं, जिसके कारण उनका शैक्षणिक सत्र लगातार प्रभावित हो रहा है।

छात्रों का कहना है कि उनका अकादमिक कैलेंडर 6 से 8 महीने तक पीछे चल रहा है,

जिससे इंटर्नशिप, उच्च शिक्षा में प्रवेश और रोजगार के अवसरों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

छात्रों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार विश्वविद्यालय प्रशासन और सरकार के समक्ष अपनी मांगें रखीं,

लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। इसी कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि इससे पहले अगस्त 2026 में हर्रावाला स्थित उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय परिसर में भी बीएएमएस (BAMS) छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया था।

उस समय छात्रों का आक्रोश इस कदर बढ़ गया था कि कुछ छात्र विश्वविद्यालय परिसर में बनी ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गए थे।

उस घटना के बाद भी प्रशासन ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन छात्रों का आरोप है कि स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

देर रात मुख्यमंत्री आवास के बाहर हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।

पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए धरना समाप्त करने को कहा, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे।

इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्योति रौतेला और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक छात्रों के लंबित परीक्षा परिणाम जारी नहीं किए जाते,

और शैक्षणिक व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

वहीं छात्रों ने भी चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

   प्रदेश अध्यक्ष महिला कांग्रेस ज्योति रौतेला ने कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सरकार को तत्काल लंबित परीक्षा परिणाम जारी करने चाहिए।

छात्रों की जायज मांगों को लेकर कांग्रेस उनके साथ खड़ी है। व सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।

ये भी पढ़ें:   Oppose:- हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण’ प्रकरण के विरोध में कांग्रेस नेताओं का सचिवालय घेराव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *