यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के चरेख गांव में भालू के हमले में दिवंगत हुईं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अंजना नेगी के परिजनों से मुलाक़ात ,
एवं ग्रामीणों से बातचीत के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी कोटद्वार के जिलाध्यक्ष विकास नेगी ने क्षेत्र में वन्यजीवों की लगातार बढ़ती सक्रियता और वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की।
इस दौरान विकास नेगी ने ग्रामीणों की मौजूदगी में डीएफओ गौरव वर्मा से फोन पर वार्ता कर क्षेत्र की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया।
ग्रामीणों ने बताया कि भालू अभी भी चरेख गांव के आसपास घूम रहा है, जिससे पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना था कि,
अभी तक भालू को पकड़ने के लिए उचित स्थान पर पिंजरा नहीं लगाया गया है और न ही क्षेत्र में वन विभाग की पर्याप्त टीमें नियमित गश्त के लिए तैनात की गई हैं।
विकास नेगी ने डीएफओ से स्पष्ट रूप से कहा कि अंजना नेगी जी की दुखद घटना के बावजूद यदि भालू गांव के आसपास लगातार सक्रिय है, तो यह अत्यंत गंभीर विषय है।
विभाग को किसी दूसरी अप्रिय घटना का इंतजार किए बिना तत्काल प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि भालू को पकड़ने के लिए उचित स्थान पर पिंजरा लगाया जाए, रेस्क्यू टीमों की संख्या बढ़ाई जाए,
वन विभाग की नियमित गश्त सुनिश्चित की जाए और ग्रामीणों को तत्काल सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
विकास नेगी ने कहा कि वन विभाग की जिम्मेदारी केवल घटना घटित होने के बाद औपचारिक कार्रवाई करना नहीं,
बल्कि ऐसी घटनाओं को रोकना और ग्रामीणों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है।
यदि समय रहते उचित एवं कठोर कदम नहीं उठाए गए तो विभागीय लापरवाही को लेकर कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीणों के साथ मिलकर वन विभाग के अधिकारियों का घेराव करेगी और जनहित में व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागीय अधिकारियों की होगी।
वार्ता के दौरान डीएफओ गौरव वर्मा ने विकास नेगी को आश्वासन दिया कि ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं और उनकी मांगों पर जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवार को कुछ आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है तथा शेष अनुमन्य मुआवजा भी शीघ्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी।
विकास नेगी ने कहा कि केवल आश्वासन पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि धरातल पर कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए।
प्रभावित परिवार को पूरा मुआवजा, गांव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और वन्यजीवों से ग्रामीणों की रक्षा के लिए स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अंजना नेगी जी का निधन पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
कांग्रेस परिवार इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है।
हमारा उद्देश्य किसी अन्य परिवार को ऐसी पीड़ा से बचाना और ग्रामीणों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के जिला महासचिव विमल बिष्ट सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।