नए साल 2026 के स्वागत को लेकर देशभर में उत्साह चरम पर है और इसी उत्साह की सबसे बड़ी तस्वीर उत्तराखंड की पर्यटन नगरी मसूरी में देखने को मिल रही है।
पहाड़ों की रानी इन दिनों पूरी तरह न्यू ईयर के रंग में रंग चुकी है। देश के अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक मसूरी पहुंच रहे हैं,
जिससे होटल, होमस्टे और पर्यटन स्थलों पर जबरदस्त रौनक है। ठंडी हवाओं,
हल्के कोहरे और खूबसूरत पहाड़ी नजारों के बीच सैलानी नए साल का जश्न खास अंदाज में मनाने की तैयारी में जुटे हैं।
मॉल रोड से लेकर गन हिल, कंपनी गार्डन और कैंपटी फॉल तक पर्यटकों की चहल-पहल साफ नजर आ रही है।
वहीं बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।
दूसरी ओर, बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से होटल कारोबारियों में भी उत्साह है और मसूरी एक बार फिर न्यू ईयर सेलिब्रेशन का बड़ा केंद्र बनकर उभरी है।