देहरादून वॉरियर्स ने सोमवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2026 के मुकाबले में यूएसएन इंडियंस को 52 रनों से करारी शिकस्त दी।
पहले बल्लेबाजी करते हुए देहरादून वॉरियर्स ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 204 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया,
जिसके जवाब में यूएसएन इंडियंस की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 152 रन ही बना सकी।
यूएसएन इंडियंस के कप्तान नवीन राणा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन देहरादून वॉरियर्स के बल्लेबाजों ने इसे पूरी तरह गलत साबित कर दिया।
सलामी बल्लेबाज और कप्तान कुणाल चंदेला ने संस्कार रावत के साथ मिलकर टीम को शानदार और आक्रामक शुरुआत दिलाई।
संस्कार रावत ने महज 33 गेंदों में 9 चौकों और 1 छक्के की मदद से 62 रनों की तूफानी पारी खेली।
वहीं कप्तान कुणाल चंदेला ने 50 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्के की मदद से 70 रनों की कप्तानी पारी खेलकर टीम की नींव रखी।
अंत में नीरज सिंह राठौर ने 25 गेंदों में नाबाद 45 रन और पूर्वांश ध्रुव ने 4 गेंदों में नाबाद 12 रन बनाकर टीम का स्कोर 204 रन तक पहुंचा दिया।
यूएसएन इंडियंस की ओर से राहुल डी. नाह ने 41 रन देकर 2 विकेट और रोहित सिंह डंगवाल ने 42 रन देकर 2 विकेट चटकाए।
205 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएसएन इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही।
देहरादून के गेंदबाज देवेंद्र सिंह बोरा ने अपने शुरुआती स्पेल में घातक गेंदबाजी करते हुए शीर्ष क्रम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
महज 11 रन के कुल स्कोर पर यूएसएन इंडियंस के 4 प्रमुख बल्लेबाज—सचिन भाटी (0), पीयूष जोशी (3), हर्ष राणा (7) और विशाल डंगवाल (0) पवेलियन लौट चुके थे।
शुरुआती झटकों के बाद आदित्य सेठी और अभिषेक दफौटी ने पारी को संभालने का प्रयास किया।
आदित्य सेठी ने 36 गेंदों में 3 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 54 रनों की पारी खेली, जबकि अभिषेक दफौटी ने 34 गेंदों में नाबाद 48 रन बनाए।
निचले क्रम में राहुल डी. नाह ने भी 14 गेंदों में 24 रनों का योगदान दिया, लेकिन यह टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं था।
देहरादून वॉरियर्स के लिए देवेंद्र सिंह बोरा सबसे सफल और किफायती गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 ओवर में महज 10 रन देकर 3 विकेट झटके।
उनके अलावा आदित्य रावत ने भी 32 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।