Headlines

De-Addiction Campaign:-समाज की एकजुटता, युवाओं के कौशल विकास और नशामुक्ति अभियान पर दिया जोर

पंचूर वार्ता | कौशल विकास

देहरादून, 15 नवम्बर 2026।

उत्तराखण्ड क्षत्रिय कल्याण समिति (पंजीकृत), देहरादून का भव्य रजत जयंती समारोह रविवार को बद्रीपुर,

जोगीवाला स्थित रावत फार्म हाउस में हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

वर्ष 2001 में स्थापित समिति के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में समाज के 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों के साथ ही,

विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान और विशिष्ट प्रतिभा रखने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।

समारोह की अध्यक्षता पीठाधीश्वर शंकर मठ आश्रम, रुड़की (हरिद्वार) के स्वामी दिनेशानन्द भारती ने की।

उन्होंने क्षत्रिय समाज के गौरवशाली इतिहास और परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज को अपने मूल्यों, मर्यादाओं और गौरवशाली विरासत को सदैव बनाए रखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अत्याचारों के नाश और जगत कल्याण के लिए ईश्वर ने जब भी अवतार लिया, क्षत्राणी के गर्भ को चुना।

ऐसे में समाज को इस गौरव और मर्यादा की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के पूर्व कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने कहा कि क्षत्रिय समाज का सबसे बड़ा गुण निष्ठा है।

अपने कर्तव्य, समाज और राष्ट्र के प्रति अटूट निष्ठा ही व्यक्ति की वास्तविक पहचान होती है।

उन्होंने समाज के लोगों से नैतिक मूल्यों और कर्तव्यनिष्ठा को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

विशिष्ट अतिथि हिमगिरी विश्वविद्यालय, देहरादून के पूर्व कुलपति एवं गढ़वाल विश्वविद्यालय,

श्रीनगर से जुड़े रहे शिक्षाविद् डॉ. सतीश चन्द्र बागड़ी ने शिक्षा व्यवस्था में हो रहे बदलावों और युवाओं के भविष्य पर अपने विचार रखे।

उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ उच्च शिक्षा में व्यापक परिवर्तन हो रहे हैं।

चीन में भी विश्वविद्यालय स्तर पर हजारों पुराने पाठ्यक्रमों को समाप्त कर आधुनिक जरूरतों के अनुरूप नए पाठ्यक्रम लागू किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि आज की शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसे रोजगारपरक और कौशल आधारित बनाना जरूरी है।

विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ केस स्टडी के माध्यम से पढ़ाया जाना चाहिए, जिससे उनमें समस्याओं का समाधान खोजने की क्षमता विकसित हो सके।

उन्होंने समिति से युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए प्लेसमेंट सेल गठित करने तथा समाज में नशामुक्ति के लिए विशेष अभियान चलाने का भी आह्वान किया।

समारोह में विशेष अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवान ने समाज की एकजुटता को समय की आवश्यकता बताया।

उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती के लिए आपसी मतभेदों को भुलाकर सभी को एक मंच पर संगठित होना होगा।

सामाजिक एकता और परस्पर सहयोग से ही समाज नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।

कार्यक्रम का संयुक्त संचालन जयमल सिंह नेगी और समिति के महासचिव सोहन सिंह नेगी ने किया।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष दिगम्बर सिंह नेगी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोविन्द सिंह बिष्ट,

कनिष्ठ उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह रावत, कोषाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट, सहायक महासचिव विक्रम सिंह, संगठन सचिव चन्द्रपाल सिंह,

सांस्कृतिक सचिव परमेश्वरी देवी और मीडिया प्रभारी गजपाल सिंह रावत सहित समिति की समस्त कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

समारोह में वरिष्ठजनों और विशिष्ट प्रतिभाओं का सम्मान कर उनके योगदान को सराहा गया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक सहभोज के साथ हुआ।

रजत जयंती समारोह ने समाज की एकता, वरिष्ठजनों के सम्मान और नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रयासों का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *