Headlines

Corporate Championship:- कुबेर कप टी-20 कॉर्पोरेट चैम्पियनशिप’ का आगाज, विजेता टीम को मिलेंगे दो लाख रुपये

पंचूर वार्ता | खेल संस्कृति

देहरादून, 03 नवंबर 2026।

खेलों को बढ़ावा देने और कॉर्पोरेट जगत से जुड़े खिलाड़ियों को क्रिकेट के मैदान पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से रांगड़ फिटनेस क्रिकेट क्लब की ओर से ‘कुबेर कप टी-20 कॉर्पोरेट चैम्पियनशिप (सीजन-1)’ का आयोजन किया जा रहा है।

मंगलवार को देहरादून प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रतियोगिता की आधिकारिक घोषणा करते हुए टूर्नामेंट का पोस्टर एवं नियमावली जारी की गई।

आयोजकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता में कुल 20 टीमें प्रतिभाग करेंगी। सभी टीमों को चार अलग-अलग ग्रुपों में बांटा गया है।

प्रत्येक टीम को न्यूनतम चार ग्रुप मुकाबले खेलने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के सभी लीग और नॉकआउट मुकाबले कुँवावाला स्थित दून क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर खेले जाएंगे।

प्रतियोगिता में विजेता टीम को दो लाख रुपये नकद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए जाएंगे,

जबकि उपविजेता टीम को एक लाख रुपये नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी-मेडल दिए जाएंगे।

आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट की आधिकारिक ट्रॉफी और टीमों की जर्सी का अनावरण प्रतियोगिता शुरू होने से पहले आयोजित होने वाली विशेष ‘कैप्टन्स मीट’ में सभी टीमों के कप्तानों की मौजूदगी में किया जाएगा।

खिलाड़ियों के लिए आकर्षक व्यक्तिगत पुरस्कार –

प्रतियोगिता में टीम पुरस्कारों के साथ खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन को भी सम्मानित किया जाएगा।

मैन ऑफ द टूर्नामेंट को 11 हजार रुपये, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज को 2,500-2,500 रुपये दिए जाएंगे।

मैन ऑफ द मैच और सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक को 1,100-1,100 रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा।

इसके अलावा मैदान पर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए विशेष पुरस्कार भी निर्धारित किए गए हैं।

शतक बनाने, एक मैच में पांच विकेट लेने और 11 गेंदों में अर्धशतक लगाने पर 1,100-1,100 रुपये दिए जाएंगे।

हैट्रिक लेने तथा एक ओवर में चार छक्के जड़ने पर 500-500 रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा।

26 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा-

आयोजकों ने प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की पात्रता को लेकर भी नियम निर्धारित किए हैं।

खिलाड़ियों की न्यूनतम आयु 26 वर्ष होनी अनिवार्य है, जबकि प्रमाणित कोचों के लिए आयु सीमा 35 वर्ष से अधिक रखी गई है।

इंटर-डिस्ट्रिक्ट स्तर के खिलाड़ियों के लिए तीन वर्ष तथा बोर्ड स्तर के खिलाड़ियों के लिए छह वर्ष का अंतराल अनिवार्य किया गया है।

प्रतियोगिता में प्रत्येक टीम के लिए प्रवेश शुल्क 75 हजार रुपये निर्धारित किया गया है।

लाइव प्रसारण और कमेंट्री की भी रहेगी व्यवस्था-

क्रिकेट प्रेमियों को प्रतियोगिता के रोमांच से जोड़ने के लिए सभी मुकाबलों का ऑनलाइन लाइव प्रसारण किया जाएगा।

मैचों में लाइव कमेंट्री के साथ अनुभवी अंपायरों की व्यवस्था रहेगी। वहीं, मैच के दिन खिलाड़ियों के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था भी आयोजकों की ओर से की जाएगी।

पत्रकार वार्ता में मुख्य अतिथि के रूप में सुरेंद्र सिंह रांगड़, विजय प्रताप मल्ल, अनिल डोभाल एवं राकेश रांगड़ मौजूद रहे।

इनके अलावा राहुल रांगड़, अखिलेश उनियाल, आशीष नेगी, शेषनाथ शर्मा, शैलेंद्र सिसौदिया,

आलोक रावत एवं मैडी रावत सहित खेल जगत से जुड़े गणमान्य व्यक्ति, वरिष्ठ खिलाड़ी, खेल प्रेमी और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

आयोजकों ने उम्मीद जताई कि कुबेर कप टी-20 कॉर्पोरेट चैम्पियनशिप का पहला सीजन देहरादून में क्रिकेट प्रतिभाओं को एक नया मंच देने के साथ ही खेल संस्कृति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

ये भी पढ़ें:   Winner🏆:- मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का विजेता बना देहरादून, मुख्यमंत्री ने ट्रॉफी के साथ प्रदान की 5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *