सोशल मीडिया में प्रसारित एक वीडियो जिसमें नगर पंचायत गुप्तकाशी के अंतर्गत खुले में कूड़ा डालने का वीडियो प्रसारित हो रहा है।
उक्त के संबंध में नगर पंचायत द्वारा स्थिति स्पष्ट करते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई है।
अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत गुप्तकाशी भरत पंवार ने बताया कि नवगठित नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से संचालित की जा रही है।
नगर पंचायत गठन के उपरांत क्षेत्र में नियमित सफाई एवं कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में नगर पंचायत के पास कूड़ा निस्तारण हेतु स्थायी भूमि उपलब्ध नहीं है,
जिसके कारण प्रतिदिन एकत्रित होने वाले कूड़े के समुचित निस्तारण में व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके बावजूद नगर पंचायत द्वारा उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया में प्रसारित वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए नगर पंचायत द्वारा कार्रवाई की गई।
सफाई व्यवस्था से संबंधित आउटसोर्सिंग एजेंसी के साइट इंचार्ज को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।
साथ ही संबंधित एजेंसी पर ₹5000 का चालान भी किया गया है।
उन्होंने यह भी अवगत कराया कि खुले में डाले गए कूड़े की तत्काल सफाई करवा दी गई है तथा भविष्य में ऐसी स्थिति पुनः उत्पन्न न हो,
इसके लिए संबंधित एजेंसी को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। नगर पंचायत द्वारा क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु नियमित निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाएगी।