Headlines

Preparations:- कांवड़ यात्रा को लेकर स्वास्थ्य विभाग की व्यापक तैयारियां, यात्रा मार्ग पर स्थापित होंगे एमआरपी

देहरादून 20 जुलाई 2026।

आगामी 30 जुलाई से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियों को अंतिम चरण में पहुंचा दिया है।

जिला प्रशासन के निर्देशों के अनुरूप यात्रा मार्ग पर व्यापक स्वास्थ्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं,

ताकि किसी भी आपात स्थिति में कांवड़ियों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर यात्रा मार्ग के प्रमुख स्थलों एवं चिन्हित चेक पोस्टों पर विशेष स्वास्थ्य निगरानी की व्यवस्था की जा रही है।

इन सभी स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सक्रिय रहेंगी और श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं पर पैनी नजर रखेंगी।

 30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलने वाली कावड़ यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर मेडिकल रिलीफ पोस्ट (एमआरपी) स्थापित किए जाएंगे।

प्रत्येक मेडिकल रिलीफ पोस्ट पर डॉक्टर, फिजिशियन, फार्मासिस्ट तथा वार्ड बॉय व स्टाफ नर्स की तैनाती रहेगी,

जिससे किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल उपचार एवं प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई जा सके।

इसके अलावा यात्रा मार्ग पर आवश्यक दवाइयों, प्राथमिक उपचार सामग्री एवं आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की भी पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सा कर्मियों को पूरी यात्रा अवधि के दौरान मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं।

 मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना ही हमारी पहली प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा चिन्हित पॉइंट श्यामपुर चौकी और आईडीपीएल मे तैनात स्वास्थ्य विभाग की (एमआरपी) मेडिकल रिलीज पोस्ट 24 घंटे श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेगी।

जहां रोस्टर के अनुसार शिफ्ट वाइस डॉक्टरों की तैनाती रहेगी।

साथ ही उन्होंने बताया कि हमारे द्वारा बस स्टैंड और रेलवे स्टैंड में भी एंबुलेंस की सुविधा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध रहेगी, जिससे यात्रा सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

ये भी पढ़ें:   Janmashtami Celebrations:- पुलिस लाइन देहरादून में भक्ति और संस्कृति का संगम, सीएम धामी जन्माष्टमी समारोह में पत्नी संग हुए शामिल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *