Headlines

Rescue:- सहिया में गहरी खाई में गिरी दिल्ली की कार, पांच लोग घायल

देहरादून, 29 अगस्त 2026।

चकराता क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सहिया से पहले लालपुल के पास एक टाटा टियागो कार अनियंत्रित होकर लगभग 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना मिलने पर एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार शनिवार प्रातः डायल-112 के माध्यम से एसडीआरएफ को सूचना मिली कि लालपुल के समीप एक वाहन सड़क से नीचे खाई में गिर गया है और उसमें कुछ लोग फंसे हुए हैं।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ चकराता की टीम उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि टाटा टियागो कार संख्या DL9C 8092 सड़क से लगभग 35 मीटर नीचे खाई में दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़ी हुई है।

वाहन में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं। दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए जबकि तीन को सामान्य चोटें आईं।

एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस ने समन्वय स्थापित करते हुए संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया।

बचाव दल खाई में उतरकर घायलों तक पहुंचा और कठिन परिस्थितियों में सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।

प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घायलों की पहचान रोहन कुमार (23 वर्ष), निवासी नई दिल्ली, अभिषेक दुबे (26 वर्ष), निवासी रोहिणी, दिल्ली,

अभिषेक (26 वर्ष), निवासी नोएडा, उत्तर प्रदेश, शिवानी सिंह (22 वर्ष), निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश तथा प्रिन्स राज (22 वर्ष), निवासी वाराणसी के रूप में हुई है।

एसडीआरएफ की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय पुलिस के सहयोग से सभी घायलों का समय रहते सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया,

जिससे एक बड़ा हादसा और गंभीर रूप लेने से टल गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *