Headlines

Injured:- पौड़ी के रिखणीखाल में गहरी खाई में गिरी इको कार, 8 लोगों की मौत, 4 घायल

पंचूर वार्ता |दर्दनाक हादसा

पौड़ी गढ़वाल,28 नवम्बर 2026।

  उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।

हादसा रिखणीखाल थाना क्षेत्र में कलवाड़ी गांव के समीप हुआ,

जहां सवारियों से भरा एक इको वाहन अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में चालक सहित कुल 12 लोग सवार थे।

हादसे में जान गंवाने वालों में सात महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इको वाहन संख्या UK 15 TA 2152 रिखणीखाल से भंगलवाड़ की ओर जा रहा था।

इसी दौरान थाना रिखणीखाल से करीब 25 किलोमीटर आगे कलवाड़ी गांव के समीप वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना रिखणीखाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू अभियान में चार घायलों को बचाया

पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया।

अभियान के दौरान चार घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि हादसे में आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई।

सभी मृतकों के शव खाई से बाहर निकाल लिए गए हैं।

घायलों को एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

हादसे में जान गंवाने वालों के नाम

पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:

* कांति देवी (45 वर्ष), पत्नी दिनेश चंद्र।

* रेखा देवी (42 वर्ष), पत्नी प्रेम सिंह।

* अनिल देबराड़ा (48 वर्ष), पुत्र जयानंद (वाहन चालक)।

* सुमित्रा देवी (50 वर्ष), पत्नी रमेश सिंह।

* सुनीता देवी (45 वर्ष), पत्नी मदन सिंह।

* धनेश्वरी देवी (46 वर्ष), पत्नी किशन चंद्र।

* सरोजनी देवी (38 वर्ष), पत्नी मोहन सिंह।

* रजनी देवी (25 वर्ष)।

सभी मृतक भंगलवाड़ गांव के निवासी बताए गए हैं।

चार लोग घायल, अस्पताल में उपचार जारी

हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान इस प्रकार हुई है:

* शशी देवी (35 वर्ष), पत्नी गजेंद्र सिंह।

* शकुंतला देवी (45 वर्ष), पत्नी महेंद्र सिंह।

* जगदीश सिंह, पुत्र भोपाल सिंह।

* सत्यवती देवी (36 वर्ष), पत्नी जगदीश सिंह।

सभी घायल भी भंगलवाड़ गांव के निवासी हैं।

एक ही गांव के लोगों पर टूटा दुखों का पहाड़

इस हादसे ने भंगलवाड़ गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है। एक ही गांव के आठ लोगों की मौत से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य पूरा किया।

पहाड़ी मार्गों पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं एक बार फिर यातायात सुरक्षा और सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।

ये भी पढ़ें:   Death:- कोटी रोड पर बोलेरो गहरी खाई में गिरी, दो की मौत, पांच घायल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *