चोपता-तुंगनाथ पैदल मार्ग पर खाई में गिरकर लापता हुई एक युवती का शवएस डी आर एफ ने कड़ी मशक्कत के बाद 400 मीटर गहरी खाई से बरामद कर लिया।
रेस्क्यू टीम ने जिला पुलिस और डी डी आर एफ के सहयोग से शव को बाहर निकालकर लगभग 3 किलोमीटर तक स्ट्रेचर के माध्यम से पैदल लाते हुए चोपता पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 सितंबर को आपदा कंट्रोल रूम रुद्रप्रयाग से सूचना मिली थी कि चोपता-तुंगनाथ ट्रैक पर एक महिला खाई में गिरकर लापता हो गई है।
सूचना मिलते ही एस डी आर एफ पोस्ट अगस्त्यमुनि से अपर उप निरीक्षक प्रेम प्रकाश के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
एसडीआरएफ टीम ने रात्रि में तुंगनाथ मंदिर के आसपास सर्च अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण महिला का पता नहीं चल सका।
इसके बाद अगले दिन सुबह अभियान दोबारा शुरू किया गया।
सोमवार सुबह करीब 7:10 बजे एस डी आर एफ टीम ने रावण शीला क्षेत्र के नीचे सघन तलाशी अभियान चलाया।
खोजबीन के दौरान टीम को लगभग 400 मीटर गहरी खाई में महिला का शव दिखाई दिया। इसके बाद टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में खाई में उतरकर शव को बाहर निकाला।
एस डी आर एफ, डी डी आर एफ और स्थानीय पुलिस के संयुक्त प्रयास से शव को सुरक्षित बाहर लाकर स्ट्रेचर के माध्यम से करीब 3 किलोमीटर पैदल मार्ग पार करते हुए,
चोपता पहुंचाया गया। इसके बाद शव को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान पूजा साहनी (26 वर्ष), निवासी पंजाब के रूप में हुई है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
एस डी आर एफ के त्वरित एवं साहसिक अभियान की स्थानीय लोगों और यात्रियों ने सराहना की है।