उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है।
कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून द्वारा आगामी 29 सितंबर को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
रोजगार मेला प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग कर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि रोजगार मेले में 18 निजी कंपनियां भाग लेंगी और कुल 904 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे रोजगार मेलों का नियमित आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में देहरादून समेत राज्य के अन्य जनपदों के बेरोजगार युवा भी भाग ले सकते हैं।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में प्री-रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई है।
वहीं, रोजगार मेले के दिन भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
इन दस्तावेजों के साथ पहुंचें अभ्यर्थी
रोजगार मेले में शामिल होने वाले युवाओं को अपना बायोडाटा, मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र,
उनकी छायाप्रतियां, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड तथा वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
विभाग ने अधिक से अधिक युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
ये कंपनियां करेंगी भर्ती-
रोजगार मेले में कैंप-108, स्काई विंग एडवाइजर प्राइवेट लिमिटेड, बजाज ऑटो लिमिटेड, बजाज कैपिटल, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स, टाटा मोटर्स,
मेंटर वाटर एक्सपर्ट, नील मेटल हरिद्वार सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी।
दुबई में नौकरी का भी अवसर-
सेवायोजन विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत युवाओं को दुबई के कंस्ट्रक्शन सेक्टर में रोजगार उपलब्ध कराने की पहल भी की जा रही है।
इसके लिए आईटीआई अथवा आईटीआई प्रमाण-पत्र धारक अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
फ्रेशर अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 6 माह का अनुभव तथा 18 वर्ष आयु निर्धारित की गई है।
विभाग का उद्देश्य उत्तराखंड के युवाओं को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
युवाओं के लिए सुनहरा मौका-
रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह रोजगार मेला एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकता है।
एक ही मंच पर सैकड़ों रिक्त पदों और विभिन्न कंपनियों की मौजूदगी से अभ्यर्थियों को सीधे रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा,
वहीं दुबई में रोजगार की संभावना युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोल सकती है।