Skip to content
उत्तरकाशी, 28 सितंबर 2026।
उत्तरकाशी जनपद के दुर्गम कालिंदी ट्रेक के ओडिन कॉल क्षेत्र में फंसे 29 ट्रेकर्स को सफल रेस्क्यू अभियान के तहत सुरक्षित निकाल लिया गया है।
हेलीकॉप्टर की सहायता से सभी ट्रेकर्स को सकुशल हर्षिल पहुंचाया गया, जहां उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेकर्स के फंसे होने की सूचना मिलने के बाद शासन स्तर पर त्वरित समन्वय स्थापित किया गया।
सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देशन में व्यापक रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
अभियान के दौरान सेनानायक ने एसडीआरएफ कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार निगरानी रखी और मौके पर तैनात टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ, जिला पुलिस, भारतीय सेना, स्थानीय प्रशासन और यूकाडा की संयुक्त टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दुर्गम और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद टीमों ने समन्वित प्रयासों से सभी ट्रेकर्स को सुरक्षित बाहर निकालने में सफलता हासिल की।
अधिकारियों के अनुसार, हेलीकॉप्टर के माध्यम से सभी 29 ट्रेकर्स को ओडिन कॉल क्षेत्र से निकालकर आर्मी बेस हर्षिल पहुंचाया गया।
वहां चिकित्सकीय टीम द्वारा उनकी प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी ट्रेकर्स सुरक्षित हैं।
प्रशासन और रेस्क्यू एजेंसियों की तत्परता की सराहना
इस सफल अभियान के बाद स्थानीय प्रशासन, एसडीआरएफ, सेना और अन्य एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।
कठिन मौसम और ऊंचाई वाले क्षेत्र में संचालित यह अभियान उत्तराखंड की रेस्क्यू एजेंसियों की दक्षता और समन्वय का उदाहरण माना जा रहा है।