Headlines

Arrested:- मंत्री रेखा आर्य की शिकायत पर पति साहू उर्फ़ पप्पू और उसके भतीजे को पुलिस ने झांसी से गिरफ़्तार किया

पंचूर वार्ता | एसआईटी की कार्रवाई

देहरादून, 07 नवंबर 2026।

देहरादून में मंत्री रेखा आर्य के साथ उसके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ़  पप्पू द्वारा कथित धोखाधड़ी, मारपीट,

जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और फर्जी दस्तावेज तैयार कर चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाने के गंभीर मामले में पुलिस की एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई की है।

पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू और उसके भतीजे सतेन्द्र राठौर को गिरफ्तार किया है।

दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया। एसआईटी द्वारा दोनों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को मंत्री रेखा आर्य पुत्री स्वर्गीय गोपाल राम, निवासी यमुना कॉलोनी, चकराता रोड, देहरादून ने कोतवाली कैंट में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि गिरधारी लाल साहू पूर्व से विवाहित होने के बावजूद उनसे विवाह किया।

इसके बाद उनके साथ गाली-गलौच और मारपीट की गई तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया गया।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उनके फर्जी हस्ताक्षर कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए गए और इन दस्तावेजों के आधार पर संबंधित कंपनियों में उन्हें निदेशक पद से हटाया हुआ दर्शाया गया।

एससी-एसटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज-

शिकायत के आधार पर कोतवाली कैंट में मुकदमा अपराध संख्या 158/26 दर्ज किया गया।

इसमें भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी लगाई गईं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रथम के पर्यवेक्षण में नौ सदस्यीय एसआईटी का गठन किया।

चार कंपनियों में फर्जी दस्तावेजों से निदेशक बदलने का आरोप-

एसआईटी ने विवेचना के दौरान संबंधित ऑडियो क्लिप कब्जे में ली और विभिन्न गवाहों के बयान दर्ज किए।

पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि गिरधारी लाल साहू ने अपने भतीजे सतेन्द्र राठौर के साथ मिलकर कथित तौर पर महिला के फर्जी हस्ताक्षर किए और कूटरचित दस्तावेज तैयार किए।

इन दस्तावेजों के आधार पर महिला को चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाकर सतेन्द्र राठौर को निदेशक बनाए जाने के तथ्य सामने आए।

ये कंपनियां हैं—

1. देवों के देव महादेव

2. बनखंडी रुद्राक्ष धाम

3. श्री अम्बे ऑटो डीलर्स प्राइवेट लिमिटेड

4 बनखंडी धाम डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड

जांच में सतेन्द्र राठौर की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उसे भी मुकदमे में आरोपी बनाया।

गिरधारी लाल पर 44 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी-

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि गिरधारी लाल साहू के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न थानों में हत्या,

हत्या के प्रयास, बलवा और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न आपराधिक मामलों में कुल 44 अभियोग दर्ज हैं।

झांसी से गिरधारी, बरेली से भतीजा गिरफ़्तार –

दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में संभावित ठिकानों पर भेजी गई थीं।

इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने 6 नवंबर 2026 को गिरधारी लाल साहू को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया।

वहीं उसके भतीजे सतेन्द्र राठौर को बरेली के जोगी नवादा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपी

– गिरधारी लाल साहू पुत्र रामस्वरूप, उम्र 61 वर्ष, निवासी श्री बनखंडीनाथ मंदिर, बरेली।

– सतेन्द्र राठौर पुत्र हरिप्रसाद, उम्र 40 वर्ष, निवासी जोगी नवादा, बरेली।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों से एसआईटी गहन पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।

एसआईटी और पुलिस टीम की भूमिका-

इस कार्रवाई में एसआईटी प्रभारी पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जया बलूनी, विवेचक क्षेत्राधिकारी सहसपुर अनुज कुमार सहित निरीक्षक संतोष कुंवर,

एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप लोहान और विभिन्न थानों एवं एसओजी के पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही।

पुलिस की इस कार्रवाई को मामले की जांच में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

अब जांच के दौरान कथित फर्जी दस्तावेजों, कंपनियों के निदेशक पद में किए गए बदलाव और अन्य आरोपों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *