थाना धरासू से एस डी आर एफ पोस्ट चिन्यालीसौड़ को रात 22:40 बजे फोन के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि चिन्यालीसौड़ क्षेत्र के मड़गांव निवासी विशन सिंह बर्थवाल (50 वर्ष),
जो प्रतिदिन की भांति सुबह अपनी बकरियां चराने जंगल गया था, देर रात तक घर वापस नहीं लौटा।
परिजनों एवं ग्रामीणों द्वारा अपने स्तर पर खोजबीन किए जाने के बावजूद व्यक्ति का कोई पता नहीं चल पाया,
जिसके चलते एस डी आर एफ टीम की सहायता मांगी गई।
सूचना प्राप्त होते ही एस डी आर एफ टीम अपर उप निरीक्षक आशिक अली के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ रात्रि 22:44 बजे घटनास्थल हेतु रवाना हुई।
मौके पर पहुंचकर स्थानीय पुलिस एवं ग्रामीणों के सहयोग से सर्च अभियान प्रारंभ किया गया।
अंधेरे और दुर्गम वन क्षेत्र होने के बावजूद टीम द्वारा संभावित स्थानों पर छोटी-छोटी टीम बनाकर अलग-अलग दिशाओं में सघन सर्चिंग की गई।
गहन खोजबीन के दौरान टीम को उक्त व्यक्ति जंगल के भीतर अचेत अवस्था में मिला।
एस डी आर एफ टीम द्वारा तत्काल प्राथमिक उपचार प्रदान कर व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पूछताछ में व्यक्ति द्वारा बताया गया कि जंगल में अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण वह बेहोश हो गया था, जिसके चलते वह वापस घर नहीं लौट सका।
तत्पश्चात एस डी आर एफ टीम द्वारा व्यक्ति को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
परिजनों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने एस डी आर एफ की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
रेस्क्यू टीम में अपर उप निरीक्षक आशिक अली,मुख्य आरक्षी मनोज चौहान,मुख्य आरक्षी रमेश उनियाल,
फायरमैन संदीप सिंह,होमगार्ड परम सिंह
होमगार्ड प्रदीप सिंह,
विशन सिंह बर्थवाल (50 वर्ष) निवासी – मड़गांव, चिन्यालीसौड़।