नेटवाड मोरी हाइड्रो पावर स्टेशन के बैराज एवं डीसिल्टिंग टैंक में हेड लॉस की समस्या के कारण गुरुवार को प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक फ्लशिंग ऑपरेशन संचालित किया जाएगा।
इस दौरान बांध से पानी को क्रमिक चरणों में छोड़ा जाएगा, जिससे डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने की संभावना है।
बैराज ऑपरेशन टीम, एसजेवीएन–एनएमएचपीसी ने सभी संबंधित विभागों, परियोजना कर्मियों,
स्थानीय प्रशासन तथा नदी तट के आसपास रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
अधिकारियों ने कहा है कि फ्लशिंग ऑपरेशन के दौरान अनावश्यक रूप से नदी, नालों एवं जलधाराओं के निकट न जाएं और सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करें।
परियोजना प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि यह फ्लशिंग ऑपरेशन बैराज के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन के लिए आवश्यक है।
हालांकि, इस अवधि में डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है, इसलिए लोगों से किसी भी प्रकार का जोखिम न लेने की सलाह दी गई है।
एसजेवीएन–एनएचपीसी ने जनहित एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी नागरिकों से सहयोग करने और आवश्यक सावधानियां अपनाने का अनुरोध किया है।
साथ ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों से भी स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा गया है।