केदारनाथ धाम में बर्फबारी के चलते ठंड बढ़ गई है और तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
प्रतिकूल मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस और प्रशासनिक टीमें सतर्क हैं।
प्रशासन की ओर से धाम आने वाले यात्रियों को मौसम के अनुरूप सावधानी बरतने और अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।
पुलिस एवं प्रशासन ने श्रद्धालुओं को पर्याप्त गर्म कपड़े पहनकर यात्रा करने तथा ठंड से बचाव के आवश्यक इंतजाम करने की सलाह दी है।
विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।
मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रियों से अनावश्यक जोखिम न उठाने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
जिला प्रशासन ने कहा कि यदि किसी श्रद्धालु को अत्यधिक ठंड लगने,
कंपकंपी होने या सांस लेने में परेशानी जैसी समस्या महसूस हो, तो इसे नजरअंदाज न करें और तत्काल चिकित्सा सहायता लें।
यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर श्रद्धालु संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक टीमों से मदद ले सकते हैं।
पुलिस और प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर ही यात्रा संबंधी निर्णय लें और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
किसी भी आपात स्थिति में 112 नंबर पर कॉल कर सहायता प्राप्त करें।
प्रतिकूल मौसम के बीच केदारनाथ धाम की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें,
सुरक्षित रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।