ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर टिहरी गढ़वाल के गुलर क्षेत्र में हरिद्वार से जोशीमठ जा रही बस के भीषण हादसे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
गणेश गोदियाल ने कहा कि यह हृदयविदारक दुर्घटना बेहद दुखद है। हादसे में कई लोगों की असमय मृत्यु से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इस असहनीय पीड़ा को कम करना संभव नहीं है, लेकिन इस कठिन समय में कांग्रेस परिवार पीड़ित परिजनों के साथ खड़ा है।
उन्होंने पहाड़ी मार्गों पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि इस प्रकार के हादसे पहाड़ों के लिए अभिशाप बनते जा रहे हैं।
ऐसी हृदयविदारक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी और ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बस दुर्घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
साथ ही उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और घायलों के बेहतर एवं समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई।
एम्स ऋषिकेश पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत-
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी गुलर बस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
उन्होंने मृतकों के प्रति शोक संवेदना प्रकट करते हुए शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद हरीश रावत ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने दुर्घटना में घायल लोगों से मुलाक़ात कर उनका हालचाल जाना।
इस दौरान उन्होंने बचाव एवं राहत कार्यों का भी जायजा लिया।
कांग्रेस नेताओं ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा कांग्रेस परिवार हादसे के पीड़ितों और उनके परिजनों के साथ खड़ा है।