Headlines

Revived :- रिस्पना को पुनर्जीवित करने की मुहिम शुरू, 100 दिवसीय विशेष अभियान के तहत नदी में चला व्यापक सफाई अभियान

देहरादून 17 जून 2026।

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगर निगम देहरादून और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को “100 पहला दिन का मिशन – हमारी नदियों को पुनर्जीवित करना” अभियान का शुभारंभ किया गया।

अभियान के तहत शहर की प्रमुख जलधाराओं के संरक्षण, स्वच्छता और पुनर्जीवन के उद्देश्य से रिस्पना नदी में विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

सफाई अभियान के दौरान नदी में जमा प्लास्टिक कचरा, ठोस अपशिष्ट और अन्य अवांछित सामग्री को हटाने के लिए 10 जेसीबी मशीनें, 10 डंपर, 12 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तथा बड़ी संख्या में सफाई कर्मियों को लगाया गया।

अभियान के दौरान एकत्रित कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण भी सुनिश्चित किया गया, जिससे नदी के प्राकृतिक प्रवाह को सुचारू बनाए रखने और प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर महापौर सौरभ थपलियाल, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी, उप नगर आयुक्त,

सहायक नगर आयुक्त, मुख्य सफाई निरीक्षक, सफाई निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सफाई कार्यों का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर सौरभ थपलियाल ने नदियों एवं नालों की नियमित सफाई, मानसून से पहले कचरा और मलबा हटाने, जनसहभागिता बढ़ाने तथा नदी-नालों में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि नदियों और प्राकृतिक जल स्रोतों का संरक्षण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है,

बल्कि इसमें आम जनता की भागीदारी भी बेहद आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय ने बताया कि अभियान के अंतर्गत शहर की प्रमुख नदियों और नालों में विशेष सफाई अभियान एवं जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि रिस्पना नदी को विशेष प्राथमिकता देते हुए इसके तटीय क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में नियमित एवं व्यापक सफाई अभियान चलाया जाएगा।

नदी किनारे जमा प्लास्टिक, कचरा और अन्य अपशिष्ट हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है।

नगर निगम देहरादून ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदियों, नालों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा,

प्लास्टिक अथवा निर्माण सामग्री का मलबा न डालें तथा शहर की जलधाराओं को स्वच्छ बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

निगम का कहना है कि नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से ही स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर देहरादून के निर्माण का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें:   Fire:-पलटन बाजार में कपड़े की दुकान में लगी आग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *