परीक्षा से पहले छात्रों के व्हाट्सऐप ग्रुप और पोर्टल पर साझा किए थे महत्वपूर्ण प्रश्न, जांच में प्रश्नपत्र से मिली समानता
देहरादून 23 जुलाई 2026।
वीर माधव सिंह भंडारी उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सम-सेमेस्टर परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में प्रेमनगर पुलिस ने शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग,
झाझरा में तैनात सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शिक्षक पर परीक्षा से पहले छात्रों को परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण एवं समान प्रश्न साझा कर अनुचित लाभ पहुंचाने और विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल ने कोतवाली प्रेमनगर में तहरीर दी थी।
तहरीर में बताया गया कि 8 जुलाई 2026 को आयोजित परीक्षा के संबंध में विश्वविद्यालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ था।
इसमें आरोप लगाया गया था कि 3 जुलाई 2026 को शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग,
देहरादून में नियुक्त एक सहायक प्रोफेसर ने व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से छात्रों के साथ कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए थे।
परीक्षा संपन्न होने के बाद विश्वविद्यालय स्तर पर जब साझा किए गए प्रश्नों का प्रश्नपत्र से मिलान किया गया तो उनमें काफी समानता पाई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय ने आंतरिक जांच समिति गठित कर मामले की जांच कराई।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी सहायक प्रोफेसर द्वारा परीक्षा से पहले छात्रों के आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सऐप के माध्यम से परीक्षा से संबंधित समान प्रश्न साझा किए गए थे।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग,
झाझरा में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत आशीष कुमार गुप्ता के खिलाफ छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग करने का आरोप है।
विश्वविद्यालय की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली प्रेमनगर में मु0अ0सं0 144/2026 के तहत धारा 316, 318(4) और 61(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने पुलिस अधिकारियों को त्वरित साक्ष्य संकलन और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
विवेचक द्वारा गवाहों के बयान दर्ज करने के साथ ही प्राप्त दस्तावेजी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर नामजद आरोपी आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य सामग्री की जांच की जा रही है।
साथ ही, मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसके संबंध में भी साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी: आशीष कुमार गुप्ता, उम्र करीब 40 वर्ष, सहायक प्रोफेसर, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा।
मूल निवासी—शाकुंभरी विहार, सहारनपुर, उत्तर प्रदेश।