Skip to content
देहरादून 07 अगस्त 2026।
उत्तराखंड में शुक्रवार सुबह मौसम अपेक्षाकृत शांत रहा। राज्य के अधिकांश जनपदों में सुबह से बादल छाए रहे,
जबकि सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के तेजम क्षेत्र में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम में राहत के बावजूद पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं,
जिससे गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है।
जानकारी के अनुसार, गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग हेलगुगाड़, नालूपानी और गंगनानी के पास पहाड़ी से मलबा और पत्थर आने के कारण बाधित हो गया।
मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और संबंधित विभागों की टीमें जेसीबी,
एवं अन्य मशीनों के साथ मौके पर पहुंचीं और सड़क से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया।
वहीं यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी दुर्बिल और स्यानाचट्टी के पास भूस्खलन के कारण कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
प्रशासन द्वारा मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करने के लिए राहत एवं बचाव दलों को तैनात किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात बहाल करने के प्रयास लगातार जारी हैं।
राहत की बात यह है कि बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह सुचारु है और वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी है।
इसी प्रकार केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग भी आवागमन के लिए खुला हुआ है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
चारधाम यात्रा भी फिलहाल सामान्य रूप से संचालित हो रही है। हालांकि प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि,
वे यात्रा पर निकलने से पहले मार्ग और मौसम की ताजा जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
राज्य आपदा प्रबंधन एवं जिला प्रशासन की टीमें लगातार संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं।
पर्वतीय मार्गों पर मशीनों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
फिलहाल प्रदेश के अन्य जनपदों से किसी बड़ी प्राकृतिक आपदा या जनहानि की सूचना नहीं है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है।