थाना घनसाली जनपद टिहरी गढ़वाल से एसडीआरएफ पोस्ट घनसाली को सूचना प्राप्त हुई कि,
नेलचामी रोड स्थित बैलगढ़ी गांव में लगातार हो रही वर्षा के कारण बरसाती नाले का जलस्तर अचानक बढ़ जाने से कुछ महिलाओं के फंसे होने की सूचना है।
सूचना प्राप्त होते ही पोस्ट प्रभारी उप निरीक्षक गब्बर सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि गांव के बीच बरसाती नाले पर बना पुल तेज बहाव में बह गया था,
जिससे आवागमन बाधित हो गया था। नाले के दोनों ओर मकान स्थित थे तथा कुछ महिलाएं अपनी गौशालाओं एवं घरों में सुरक्षित थीं।
मौके पर जिला पुलिस एवं तहसील प्रशासन भी उपस्थित था तथा क्षेत्र में लगातार वर्षा जारी थी।
स्थिति का आकलन करने के उपरांत एसडीआरएफ टीम ने रोप रेस्क्यू तकनीक का प्रयोग करते हुए।
विजयलक्ष्मी (55 वर्ष), पत्नी गब्बर सिंह को सुरक्षित रूप से नाले के पार पहुंचाया।
अन्य महिलाएं नाले के दूसरी ओर स्थित अपने घरों में सुरक्षित थीं तथा किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।