Skip to content
पिथौरागढ़ 07अगस्त 2026।
थल थाना क्षेत्र के बूँगाछीना में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
पिकअप वाहन और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई टक्कर में पीजीआई कॉलेज बूँगाछीना के एक छात्र की मौत हो गई,
जबकि दूसरा छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना की सूचना दोपहर 13:29 बजे प्राप्त हुई।
सूचना मिलते ही अपर उपनिरीक्षक दिनेश शर्मा, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार और कांस्टेबल जगदीश मारकोना तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।
मौके पर दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल और पिकअप वाहन मिले।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल युवकों को घटना के बाद ही एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ भेज दिया गया था।
अस्पताल में उपचार के दौरान एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरे का उपचार जारी है।
दुर्घटना में घायल युवकों की पहचान दिव्यांश पुत्र गिरीश कापड़ी, निवासी सतगढ़, कनालीछीना,
तथा कमल बोरा पुत्र होशियार सिंह, निवासी चौपता, देवलथल, थाना थल के रूप में हुई है।
दोनों युवक पीजीआई कॉलेज बूँगाछीना के छात्र बताए गए हैं।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे से कॉलेज के छात्रों और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर है।