रायपुर क्षेत्र में 72 वर्षीय महिला की हत्या के सनसनीखेज मामले का देहरादून पुलिस ने शीघ्र खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बकाया मजदूरी के पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने महिला की हत्या कर दी और उनके हाथ से सोने का कड़ा लूटकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, रायपुर निवासी दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी थी कि उनकी पत्नी रेखा बंसल (72 वर्ष) घर में अचेत अवस्था में पड़ी हैं।
तथा उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं। सूचना मिलते ही थाना रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल 108 एंबुलेंस को बुलाया गया।
चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने तत्काल एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए तथा फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई।
मृतका के पति दिनेश बंसल की तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में मु0अ0सं0 360/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने अलग-अलग पुलिस टीमों और एसओजी को जांच में लगाया।
सीसीटीवी और सर्विलांस से आरोपी तक पहुंची पुलिस-
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, सर्विलांस की मदद ली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
जांच में विनीत कुमार नामक व्यक्ति की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को त्रिलोक गेस्ट हाउस, रिंग रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की निशानदेही पर मृतका से लूटा गया सोने का कड़ा, घटना में प्रयुक्त उसका लोहे का कड़ा तथा मोबाइल फोन बरामद किया गया।
आरोपी को धारा 103(1), 309(4) एवं 117(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
15 वर्षों से जानता था परिवार
पुलिस पूछताछ में आरोपी विनीत कुमार (33 वर्ष) ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तरकाशी जिले के नौगांव क्षेत्र का निवासी है,
और पिछले करीब 10 वर्षों से देहरादून के अजबपुर कलां में परिवार सहित रह रहा है। वह त्रिलोकेश गेस्ट हाउस में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था।
इसके अलावा वह दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड स्थित “अनुज प्रकाशन” नामक पुस्तक दुकान में हेल्पर का काम भी करता था और परिवार को करीब 15 वर्षों से जानता था।
आरोपी ने बताया कि उसकी कुछ मजदूरी दिनेश बंसल के पास बकाया थी। कई बार मांगने के बावजूद भुगतान नहीं मिलने से वह नाराज था।
घटना वाले दिन वह बुक शॉप से दिनेश बंसल की स्कूटी लेकर उनके घर पहुंचा। उसे पता था कि घर के पीछे का दरवाजा अक्सर खुला रहता है।
घर में उस समय रेखा बंसल अकेली थीं। आरोपी ने उनसे अपने बकाया पैसे मांगे, लेकिन उन्होंने पैसे देने से इंकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
गुस्से में आकर आरोपी ने अपने हाथ में पहने कड़े से महिला के चेहरे पर वार कर दिया, जिससे उनके चेहरे और नाक पर गंभीर चोटें आईं और वे बिस्तर पर गिर गईं।
पकड़े जाने के डर से दबाया मुंह
पुलिस के अनुसार, महिला के शोर मचाने पर आरोपी घबरा गया। पकड़े जाने के डर से उसने महिला का मुंह दबा दिया और काफी देर तक दबाए रखा।
जब उसे लगा कि महिला की मौत हो चुकी है, तो उसने उनके हाथ से सोने का कड़ा निकाल लिया और वहां से फरार हो गया। बाद में उसने गेस्ट हाउस पहुंचकर अपने कपड़े भी बदल लिए ताकि पुलिस से बच सके।
पुलिस टीम को मिला पुरस्कार
मामले का त्वरित खुलासा करने पर आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र ने पुलिस टीम को 5,000 रुपये तथा एसएसपी देहरादून ने 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से मामले का शीघ्र खुलासा संभव हो सका। आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।