राज्य सरकार के सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशभर में ‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान सभी जनपदों के प्रत्येक ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर लगाकर आम जनता को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
शनिवार को सचिवालय में आयोजित तैयारियों की समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य एवं वन मंत्री सुबोध उनियाल ने अधिकारियों को अभियान को व्यापक और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिविरों में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ विभिन्न विभागों के स्टॉल एवं प्रदर्शनी लगाई जाएंगी,
जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों का चयन कर उन्हें योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा।
स्वास्थ्य शिविरों पर रहेगा विशेष फोकस
कैबिनेट मंत्री ने निर्देश दिए कि शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए,
ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और उपचार सुविधाएं मिल सकें।
इसके अलावा ट्री प्रोटेक्शन एक्ट और मानव-वन्यजीव संघर्ष जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
नई जगहों पर होंगे शिविर
सुबोध उनियाल ने सभी जिलाधिकारियों को शिविरों की तिथि, स्थान, नोडल अधिकारी, विभागवार योजनाओं और उपलब्धियों का विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पूर्व में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रमों से अलग स्थानों का चयन किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग्स, बैनर और अन्य प्रचार माध्यमों का उपयोग करने पर भी जोर दिया।
कम से कम तीन दिन चलेंगे शिविर
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. विनय रोहिला ने बताया कि ‘सेवा सेतु’ अभियान के तहत प्रत्येक तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे,
और प्रत्येक शिविर कम से कम तीन दिनों तक संचालित होगा। अभियान के दौरान होने वाली गतिविधियों और लाभार्थियों की जानकारी की नियमित रिपोर्टिंग भी की जाएगी।
योजनाओं के आवेदन और सफलता की कहानियां भी होंगी प्रदर्शित
महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि शिविरों में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे,
जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन पत्र भरने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा,
ताकि अन्य पात्र व्यक्ति भी योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित हो सकें।
बैठक में सचिव विनय शंकर पाण्डेय, सी. रविशंकर, राजेन्द्र कुमार, अपर सचिव रोहित मीणा,
सीसीएफ वन राहुल, मुख्य विकास अधिकारी देहरादून अभिनव शाह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
मुख्य बिंदु-
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा सेतु’ अभियान।
सभी जिलों के प्रत्येक ब्लॉक और तहसील में लगेंगे शिविर।
स्वास्थ्य, सामाजिक कल्याण और अन्य विभागों के स्टॉल होंगे स्थापित।
पात्र लाभार्थियों को मौके पर योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में मेडिकल कैंप आयोजित होंगे।
मानव-वन्यजीव संघर्ष और पर्यावरण संरक्षण पर जागरूकता अभियान भी चलेगा।