जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित लक्ष्मण राव ईनामदार तीन दिवसीय पैक्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुआ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व्यक्तिगत रूप से कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सहकार भारती उत्तराखंड, जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय तथा सहकारिता विभाग,
उत्तराखंड शासन के संयुक्त तत्वावधान में 20 से 22 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्देश्य पैक्स (प्राथमिक कृषि ऋण समितियों) के नेतृत्व को आधुनिक प्रबंधन, वित्तीय दक्षता और सहकारिता के नवीन आयामों से जोड़ना है।
उद्घाटन सत्र में सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेन कश्यप, सहकार भारती के संरक्षक दीनानाथ ठाकुर,
राष्ट्रीय महामंत्री दीपक चौरसिया तथा सहकार भारती उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार गौड़ सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अपने वर्चुअल संबोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सहकारिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि “सहकार से समृद्धि” का लक्ष्य तभी साकार होगा, जब पैक्स संस्थाएं पारदर्शी, सशक्त और आधुनिक प्रबंधन प्रणाली के अनुरूप कार्य करेंगी।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड सहकारी नीति-2026 का स्वागत करते हुए कहा कि यह नीति प्रदेश की सहकारी संस्थाओं को नई दिशा प्रदान करेगी,
तथा किसानों को बेहतर बाजार, वित्तीय सहायता और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने प्रशिक्षण में भाग ले रहे प्रतिनिधियों से नेतृत्व क्षमता, वित्तीय प्रबंधन और नवीन व्यवसायिक अवसरों को अपनाकर अपने-अपने क्षेत्रों में सहकारिता आंदोलन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि देवभूमि सारथी राज्य सहकारी संघ और पंतनगर विश्वविद्यालय में शुरू किए जा रहे,
सहकारिता विषयक डिप्लोमा पाठ्यक्रम युवाओं को इस क्षेत्र में प्रशिक्षित करेंगे, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने डिजिटल तकनीकों और सोशल मीडिया के माध्यम से सहकारिता आंदोलन को युवाओं तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं और पहल का हुआ लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान सहकारिता क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहल का लोकार्पण भी किया गया।
इनमें ‘सहकार ग्रंथम’ का विमोचन, उत्तराखंड सहकारी नीति-2026 का लोकार्पण,
पंतनगर विश्वविद्यालय में सहकारिता पर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ, देवभूमि सारथी राज्य सहकारी संघ लिमिटेड का उद्घाटन तथा सहकारिता आधारित सोशल मीडिया रील का लोकार्पण शामिल रहा।
सहकारिता के विभिन्न पहलुओं पर होगा मंथन
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान नई सहकारी नीति-2026, त्रिस्तरीय सहकारी व्यवस्था,
समिति निर्माण एवं निर्वाचन प्रक्रिया, नेतृत्व और अधिकारों के साथ-साथ सहकारिता क्षेत्र में नवीन व्यवसायिक अवसरों पर विस्तृत चर्चा की जा रही है।
22 सितंबर को आयोजित होने वाले सत्रों में जिला सहकारी बैंकों की भूमिका,
वित्तीय प्रवाह में नाबार्ड की भूमिका, वित्तीय प्रबंधन, लेखा परीक्षण तथा नेतृत्व विकास जैसे विषयों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे।
सहकार भारती उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार गौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम पैक्स नेतृत्व को नीति,
प्रबंधन और वित्तीय विषयों में दक्ष बनाकर प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को नई गति प्रदान करेगा तथा ‘सहकार से समृद्धि’ के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।