कर्णप्रयाग क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका के पिता की शिकायत पर दर्ज हत्या के मुकदमे में पुलिस ने प्रारंभिक जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 07 सितम्बर 26 को वादी धनीराम निवासी मेहरगांव, थाना गैरसैंण, जनपद चमोली ने कोतवाली कर्णप्रयाग में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि,
उनकी पुत्री ज्योति, पत्नी सूरज कुमार निवासी ग्राम सेनू, थाना कर्णप्रयाग की 06 सितम्बर 26 को उसके पति सूरज कुमार, जेठ विनोद कुमार, ससुर गोपाल लाल तथा सास तारा देवी द्वारा हत्या कर दी गई।
तहरीर के आधार पर कोतवाली कर्णप्रयाग में तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 27/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने निष्पक्ष एवं प्रभावी विवेचना के निर्देश दिए।
पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण में मामले की गहन जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मृतका के पंचायतनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया गया।
पुलिस ने बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 23 सितम्बर 2026 को नामजद अभियुक्त सूरज कुमार (29 वर्ष),
पुत्र गोपाल लाल निवासी ग्राम सेनू, थाना कर्णप्रयाग को धारा 108 बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य पहलुओं की जांच और विवेचनात्मक कार्रवाई अभी जारी है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।