अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष पहल की गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल की प्रेरणा और जिलाधिकारी आशीष चौहान के मार्गदर्शन में नवरात्रि के पावन अवसर पर बालिका सुरक्षा और समान अधिकारों को लेकर शपथ अभियान से जुड़ने की अपील की गई है।
इस पहल का उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना,
उनके जन्म का स्वागत करने की भावना को मजबूत करना तथा भ्रूण हत्या और लिंग भेद जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाना है।
अभियान के माध्यम से लोगों से बेटियों को समान प्यार, सम्मान और आगे बढ़ने के बराबर अवसर देने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया है।
बेटियों को मिले शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के समान अवसर
इस शपथ में बेटी के जन्म का स्वागत करने और उसके जन्म पर खुशियां मनाने के साथ-साथ भ्रूण हत्या तथा लिंग भेद के विरुद्ध खड़े होने का संकल्प शामिल है।
इसके अलावा बेटियों के बेहतर पोषण, सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया गया है।
अभियान में यह संदेश भी दिया गया है कि घर, समाज और आसपास का वातावरण बेटियों के लिए सुरक्षित,
सम्मानजनक और गरिमापूर्ण होना चाहिए। बेटियों को अपनी प्रतिभा विकसित करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए समान अवसर उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
ऑनलाइन लिंक के माध्यम से लें शपथ
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आमजन से अपील की गई है कि वे इस मुहिम से जुड़कर बालिकाओं के सम्मान,
सुरक्षा और समान अधिकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करें। इसके लिए विशेष शपथ लिंक जारी किया गया है।
शपथ लेने के लिए लिंक: https://betibachao.aapkesaath.org/
नवरात्रि के पावन अवसर पर लोगों से अपील की गई है कि वे स्वयं शपथ लें और परिवार,
मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें,
ताकि बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिले और उन्हें सुरक्षित एवं सशक्त भविष्य प्रदान करने की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जा सकें।
संदेश स्पष्ट है—बेटियों का सम्मान, समान अधिकार और सुरक्षा केवल संकल्प नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।