अल्मोड़ा जिले के हरणा-शीतला मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया।
एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 अक्टूबर को जिला नियंत्रण कक्ष, अल्मोड़ा ने एस डी आर एफ टीम को सूचना दी कि,
हरणा-शीतला मार्ग पर कार संख्या UK04TA2441 दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया है।
यह सूचना मिलते ही एस डी आर एफ ने त्वरित कार्रवाई की।
एस डी आर एफ पोस्ट खैरना से मुख्य आरक्षी पंकज खरोला के नेतृत्व में और एस डी आर एफ पोस्ट सरियापानी से उप निरीक्षक पंकज डंगवाल के नेतृत्व में दो टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि कार में कुल तीन लोग सवार थे।
एस डी आर एफ टीमों ने संयुक्त रूप से कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाया।
खाई में गिरे दो घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से उपचार के लिए खैरना अस्पताल भिजवाया गया।
घायलों में किशोर कुमार, उम्र 35 वर्ष व कैलाश राम, उम्र 46 वर्ष।
वहीं इस हादसे में आनंद राम पुत्र डूंगर राम, उम्र 55 वर्ष की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
एस डी आर एफ जवानों ने शव को भी खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया।