Skip to content
पंचूर वार्ता |अपराध
देहरादून, 23 अक्टूबर 2026।
देहरादून में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है।
देहरादून में तैनात अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे-5) अंजलि बेंजवाल ने एक रैपिडो चालक के खिलाफ अभद्रता, छेड़छाड़ की कोशिश,
धमकी देने और अपहरण का प्रयास करने के आरोप में डालनवाला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी चालक की तलाश तेज कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला न्यायिक अधिकारी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि,
रैपिडो चालक ने निर्धारित किराये से दोगुनी रकम की मांग की।
इसके बाद चालक उन्हें सुनसान और अंधेरे रास्ते की ओर ले गया।
आरोप है कि इस दौरान चालक ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, धमकी दी और गलत इरादे से छेड़छाड़ करने का प्रयास किया।
घटनाक्रम को लेकर महिला जज ने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया है।
डालनवाला थाने में दर्ज हुआ मुकदमा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। आरोपी चालक की पहचान, घटनास्थल और घटनाक्रम से संबंधित अन्य पहलुओं की पुष्टि जांच के दौरान की जाएगी।
महिला सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
अस्थाई राजधानी में एक महिला न्यायिक अधिकारी के साथ कथित तौर पर हुई,
इस घटना ने सार्वजनिक परिवहन और ऑनलाइन राइड बुकिंग सेवाओं के माध्यम से यात्रा करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।