उत्तराखण्ड के 26वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज,
गढ़ी कैंट में आयोजित समारोह में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका-2026 ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान’ का विमोचन किया।
इस पुस्तिका में प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की ओर से हासिल की गई उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह विकास पुस्तिका केवल सरकार की उपलब्धियों का दस्तावेज नहीं है,
बल्कि जनता के प्रति सरकार की जवाबदेही और भविष्य की जिम्मेदारियों का भी प्रतीक है।
सरकार अपने कार्यों का लेखा-जोखा जनता के सामने रख रही है और विकसित उत्तराखण्ड के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और योगदान को नमन किया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है।
राज्य निर्माण आंदोलन में मातृशक्ति की भूमिका ऐतिहासिक रही है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पृथक उत्तराखण्ड राज्य का सपना साकार हुआ।
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है।
आमजन के जीवन में बदलाव लाना ही विकास का वास्तविक अर्थ
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ केवल योजनाएं बनाना और आंकड़े प्रस्तुत करना नहीं है,
बल्कि उसका सकारात्मक प्रभाव आम नागरिकों के जीवन में दिखाई देना चाहिए।
गांव तक सड़क पहुंचने से स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं तक पहुंच आसान होती है।
विद्यालयों में आधुनिक संसाधन उपलब्ध होने से बच्चों को बेहतर भविष्य के अवसर मिलते हैं,
और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने से पलायन की समस्या का समाधान संभव होता है।
सरकार का लक्ष्य प्रत्येक परिवार के जीवन को बेहतर बनाना है।
सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी को मिल रही नई गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखण्ड में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है।
चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना प्रदेश के विकास को नई गति प्रदान कर रही हैं।
हवाई सेवाओं और हेली सेवाओं के विस्तार से दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर हो रही है।
इससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय स्तर पर रोजगार की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं।
स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में हो रहा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी लगातार सुधार कर रही है। प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लक्ष्य के साथ काम किया जा रहा है।
देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
वहीं किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर जैसी सुविधाओं के विकास से स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।
विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पर्यटन और खेल के क्षेत्र में बढ़ी उत्तराखण्ड की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि जी-20 बैठकों के सफल आयोजन से उत्तराखण्ड को वैश्विक पहचान मिली है।
वहीं 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन ने प्रदेश की खेल प्रतिभाओं और आयोजन क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया।
मानसखंड मंदिर माला मिशन, शीतकालीन यात्रा और नए पर्यटन स्थलों के विकास के माध्यम से पर्यटन को सालभर रोजगार और आजीविका से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
सरकार का उद्देश्य है कि पर्यटन का लाभ स्थानीय लोगों, होमस्टे संचालकों और छोटे व्यवसायियों तक पहुंचे।
3.82 लाख करोड़ रुपये तक पहुंची अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहन मिला है और निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
वर्ष 2025-26 के अनुमानों के अनुसार प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार लगभग 3.82 लाख करोड़ रुपये है।
वहीं वर्ष 2026-27 का बजट एक लाख 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक विकास का लाभ किसानों, युवाओं, महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों तक पहुंचे।
रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने,
स्वरोजगार को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। सरकार गांवों में बुनियादी सुविधाओं और आजीविका के अवसरों को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है,
ताकि युवाओं को अपने गांवों में ही रोजगार और आगे बढ़ने के अवसर मिल सकें।
सांस्कृतिक पहचान और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान, प्राकृतिक संपदा और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है।
प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की गई है। इसके साथ ही सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून,
भू-कानून तथा अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की उपलब्धियां संतोष प्रदान करती हैं, लेकिन साथ ही और अधिक कार्य करने की प्रेरणा भी देती हैं।
प्रत्येक गांव तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने, रोजगार के नए अवसर विकसित करने,
खेती को लाभकारी बनाने और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने के लिए निरंतर काम किया जा रहा है।
उन्होंने अपने संबोधन के समापन पर ‘अभी बहुत आगे हमें जाना है’ कविता की पंक्तियों के माध्यम से राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकसित उत्तराखण्ड बनाने का संकल्प दोहराया।
प्रधानमंत्री के शुभकामना संदेश का किया गया वाचन
कार्यक्रम में महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजे गए शुभकामना संदेश का वाचन किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल,
गणेश जोशी एवं खजान दास, विधायक विनोद चमोली एवं सविता कपूर, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल,
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु एवं डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव सूचना शैलेश बगौली, उत्तराखण्ड मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविन्द सिंह बिष्ट,
सचिव विनय शंकर पांडेय, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।