Headlines

Kharna:- 36 घंटे के निर्जला व्रत की होगी शुरुआत; गुड़-चावल की खीर का लगाया जाएगा भोग

  पंचूर वार्ता |लोक आस्था

देहरादून, 14 नवम्बर 2026।

लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।

शनिवार, 14 नवंबर को छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना का पर्व मनाया जाएगा।

इस अवसर पर छठ व्रती पूरे दिन उपवास रखकर शाम को भगवान सूर्य और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे।

इसके बाद गुड़ और चावल से बनी खीर सहित पारंपरिक प्रसाद ग्रहण किया जाएगा।

खरना के साथ ही छठ व्रत का सबसे कठिन चरण शुरू हो जाता है।

खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद व्रती करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू करेंगे।

इस दौरान वे अन्न और जल ग्रहण नहीं करते हैं। यह व्रत उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद ही संपन्न होता है।

 खरना की परंपरा और धार्मिक महत्व-

छठ महापर्व में खरना का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन व्रती सुबह स्नान कर स्वच्छता और पवित्रता के साथ दिनभर उपवास रखते हैं।

शाम को मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से पारंपरिक तरीके से प्रसाद तैयार किया जाता है। इसमें गुड़ की खीर, रोटी और फल आदि शामिल होते हैं।

भगवान सूर्य और छठी मैया को भोग लगाने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य और श्रद्धालु भी प्रसाद ग्रहण करते हैं।

मान्यता है कि खरना के प्रसाद से व्रत की विधिवत शुरुआत होती है और घर-परिवार में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की जाती है।

 कल डूबते सूर्य को दिया जाएगा पहला अर्घ्य-

छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार, 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे।

इस दौरान नदी, तालाब और जलाशयों के किनारे छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी।

व्रती पानी में खड़े होकर बांस की टोकरी और सूप में फल, ठेकुआ, नारियल तथा अन्य पूजन सामग्री रखकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देंगे।

 सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा समापन-

चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन सोमवार, 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा।

सुबह व्रती घाटों पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे और परिवार की सुख-समृद्धि,

संतान की लंबी आयु तथा सुखद भविष्य की कामना करेंगे। इसके बाद व्रत का पारण किया जाएगा।

छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि प्रकृति, स्वच्छता, अनुशासन और परिवार के प्रति समर्पण का भी प्रतीक है।

इस पर्व में भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना के माध्यम से लोककल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की जाती है।

ये भी पढ़ें:   Worship:- गुरुवार को भगवान विष्णु और देवगुरु बृहस्पति की पूजा का विशेष महत्व

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *