Headlines

Igas Festival:-दिल्ली में अनिल बलूनी के आवास पर पहुंचे गृहमंत्री शाह व मुख्यमंत्री धामी, इगास पर्व की दी शुभकामनाएं

पंचूरवार्ता|लोक संस्कृति

नई दिल्ली, 19 नवम्बर 2026।

गढ़वाल से लोकसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कम्युनिकेशन प्रमुख अनिल बलूनी के दिल्ली स्थित आवास पर हर वर्ष की भांति इस बार भी देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोक-संस्कृति,

विरासत और गौरवशाली परंपराओं के प्रतीक लोकपर्व ‘इगास-बग्वाल’ का आयोजन पूरी श्रद्धा, आस्था और हर्षोल्लास के साथ किया गया।

पहाड़ की सौंधी खुशबू, श्रद्धा और पारंपरिक उल्लास से सराबोर इस भव्य समारोह की शुरुआत केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पवित्र अग्नि प्रज्ज्वलित कर की।

पहाड़ की इस पावन परंपरा का साक्षी बनने के लिए देश की कई प्रमुख हस्तियां एकत्रित हुईं।

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष  नितिन नवीन, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री  जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय रेल तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इसके साथ ही, भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि, पूर्व सीडीएस जनरल अनिल चौहान,

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी प्रमुख रूप से सहभागिता कर उत्तराखंड की संस्कृति के प्रति अपना स्नेह प्रकट किया।

कार्यक्रम में देवभूमि से निकलकर देश-दुनिया में नाम रोशन करने वाले कई वरिष्ठ व्यक्तित्वों के साथ-साथ उत्तराखंड और राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ पत्रकार एवं संवाददाता भी उपस्थित रहे।

समारोह में स्वामी चिदानंद, आचार्य स्वामी अवधेशानंद गिरि, स्वामी कैलाशानंद गिरि,

तथा बागेश्वर धाम सरकार सहित अनेक पूजनीय संतों के आगमन से पूरा वातावरण भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से विभोर हो उठा।

वहीं, उत्तराखंड के सुदूर पहाड़ों से आए लोक-कलाकारों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-दमाऊ की थाप और लोक-नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों से दिल्ली के इस आंगन में मानो पूरा उत्तराखंड उतार दिया, जिससे सभी अतिथि मंत्रमुग्ध हो गए।

सांसद अनिल बलूनी ने अपनी धर्मपत्नी डॉ. दीप्ति बलूनी के साथ पारंपरिक आतिथ्य सत्कार करते हुए सभी आगंतुकों का हार्दिक स्वागत किया।

इस अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए उन्होंने कहा कि हम सबकी साझा पहल से इगास के प्रति बढ़े जुड़ाव ने लोगों को एक बार फिर अपनी मिट्टी और जड़ों से जोड़ा है।

पलायन को रोकने और हमारे पहाड़ों को फिर से आबाद बनाए रखने में इगास की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होने वाली है।

आनंद और उल्लास का यह विशेष पर्व सामाजिक एकता और समरसता के भाव से परिपूर्ण है।

मेरी कामना है कि लोक-संस्कृति का यह पावन उत्सव उत्तराखंड के मेरे सभी भाई-बहनों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए है।

उत्तराखंड के लोकपर्व इगास (बूढ़ी दीपावली) के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने,

नई दिल्ली में पौड़ी गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनिल बलूनी के आवास पर पहुंचकर उन्हें और उनके परिवारजनों को इगास पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इगास उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक विरासत और लोक आस्थाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है।

यह पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान को सहेजने के साथ ही पूर्वजों से प्राप्त परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोकपरंपराएं केवल सांस्कृतिक धरोहर नहीं हैं, बल्कि सामाजिक एकता, सामूहिकता और आपसी प्रेम का भी प्रतीक हैं।

इगास जैसे लोकपर्व हमें अपनी जड़ों, अपनी मिट्टी और अपनी परंपराओं से जुड़े रहने की प्रेरणा देते हैं।

इन पर्वों के माध्यम से नई पीढ़ी को भी प्रदेश की विशिष्ट लोकसंस्कृति और पारंपरिक विरासत को जानने का अवसर मिलता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, लोककला, लोकभाषाओं और पारंपरिक त्योहारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

इगास जैसे लोकपर्वों को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिल रही है।

साथ ही देश-दुनिया में उत्तराखंड की विशिष्ट लोकपरंपराओं का प्रचार-प्रसार भी हो रहा है।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज तथा डॉ. धन सिंह रावत भी उपस्थित रहे।

इगास के बहाने लोकसंस्कृति और परंपराओं का संदेश-

मुख्यमंत्री धामी का सांसद अनिल बलूनी के आवास पहुंचकर इगास की शुभकामनाएं देना उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और पारंपरिक पर्वों के संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

इगास पर्व उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक समरसता को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण लोकपर्व है।

ये भी पढ़ें:   Financial Sanction:- सीएम धामी ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए प्रदान की ₹ 5.19 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *