Headlines

Throw the Mic:- एक धामी जो बोलकर चले गए, और दूसरे धामी जो बोल नहीं पाए तो माइक फेंक दिया!

पंचूर वार्ता | विशेष राजनीतिक रिपोर्ट

जौलजीवी (धारचूला), 14 नवंबर 2026।

सीमांत क्षेत्र के ऐतिहासिक जौलजीवी मेले का उद्घाटन आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया।

काली और गोरी नदियों के संगम पर लगने वाले इस अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मेले में मुख्यमंत्री ने जिले को 102.72 करोड़ रुपये की 25 विकास योजनाओं की सौगात भी दी।

लेकिन सौगातों की इस घोषणा के बीच मंच पर जो हुआ, उसने पूरे कार्यक्रम को राजनीतिक टकराव का अखाड़ा बना दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक हरीश धामी कर रहे थे। परंपरा और प्रोटोकॉल के अनुसार, मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद अध्यक्षीय संबोधन होना था।

मुख्यमंत्री ने अपना भाषण दिया और अध्यक्षीय संबोधन से पहले ही कार्यक्रम से रवाना हो गए।

इसके बाद जब अध्यक्ष विधायक हरीश धामी संबोधन के लिए उठे, तो वह मुश्किल से एक पंक्ति ही बोल पाए थे कि उनका माइक बंद कर दिया गया।

बस, यहीं से हंगामा शुरू हो गया।

गुस्साए विधायक ने मंच पर ही माइक फेंक दिया और दौड़ते हुए माइक व्यवस्था संभालने वाले के पास पहुंच गए।

इतने में उनके एक समर्थक ने मंच से पोडियम को लात मारकर नीचे गिरा दिया। देखते ही देखते मंच पर अफरा-तफरी मच गई।

हंगामे के बाद जब दोबारा माइक विधायक के हाथ में आया, तो उन्होंने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार को जमकर कोसा।

राजनीतिक एंगल:- सवाल सिर्फ माइक का नहीं, सम्मान का है!

यह घटना सिर्फ एक तकनीकी गड़बड़ी या कार्यकर्ताओं की उत्तेजना का मामला नहीं है। इसके राजनीतिक मायने गहरे हैं।

1. विपक्षी विधायक की अनदेखी?

जौलजीवी मेला धारचूला विधानसभा क्षेत्र में लगता है। उसके विधायक कांग्रेस के हरीश धामी हैं।

कार्यक्रम के अध्यक्ष होने के बावजूद मुख्यमंत्री का उनके संबोधन से पहले चले जाना और फिर उनका माइक बंद हो जाना, विपक्ष इसे सीधे-सीधे अपमान से जोड़कर देख रहा है।

2. धाकड़ छवि बनाम धरातल की राजनीति!

मुख्यमंत्री को उनके समर्थक ‘धाकड़ धामी’ कहते हैं। लेकिन सीमांत की जनता के सामने आज सवाल उठा कि क्या धाकड़पन सिर्फ अपनी बात कहने में है, विपक्षी विधायक की बात सुनने में नहीं?

3. सीमांत की उपेक्षा का आरोप फिर गरमाया!

हरीश धामी ने मंच से ही कहा कि सीमांत क्षेत्र की आवाज को हमेशा दबाया जाता है।

मेला उद्घाटन जैसे सांस्कृतिक मंच को भी जब राजनीतिक मंच बना दिया जाए और स्थानीय जनप्रतिनिधि को बोलने न दिया जाए, तो यह लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत नहीं है।

4. भाजपा बनाम कांग्रेस की नई टकराहट!

मेले में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक बिशन सिंह चुफाल समेत भाजपा के तमाम नेता मौजूद थे।

ऐसे में कांग्रेस विधायक का गुस्सा अब सिर्फ मंच तक सीमित नहीं रहेगा।

इसे कांग्रेस सीमांत में भाजपा सरकार के अहंकार और विपक्ष को कुचलने की प्रवृत्ति के रूप में भुनाने की तैयारी में है।

जौलजीवी मेला भारत-नेपाल मैत्री, व्यापार और संस्कृति का प्रतीक है। लेकिन आज वह मेला अपनी सौगातों से ज्यादा माइक कांड और हंगामे के लिए याद किया जाएगा।

सवाल अब यही है — क्या मुख्यमंत्री का कार्यक्रम से अध्यक्षीय भाषण से पहले जाना सिर्फ समय की मजबूरी थी,

या फिर विपक्षी विधायक को जानबूझकर दरकिनार करने की राजनीति?

जौलजीवी की जनता ने आज दोनों धामियों को देख लिया।

एक धामी जो बोलकर चले गए, और दूसरे धामी जो बोल नहीं पाए तो माइक फेंक दिया।

ये भी पढ़ें:   New Momentum:- प्रवासी उत्तराखण्डियों के अनुभव और सामर्थ्य से प्रदेश के विकास को मिलेगी नई गति - सीएम धामी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *