Headlines

Helmet⛑️:-बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति को भी पहनना होगा हेलमेट

पंचूरवार्ता|सफर में सुरक्षा से समझौता नहीं

चमोली 22 नवम्बर 2026। सड़क सुरक्षा को लेकर चमोली पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों के साथ पीछे बैठकर सफर करने वाले सह-सवारों (पिलियन राइडर) के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य होने को लेकर जागरूकता अभियान तेज कर दिया है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 23 नवंबर 2026 से दोपहिया वाहन पर पीछे बैठी सवारी के हेलमेट नहीं पहनने पर संबंधित वाहन चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यातायात निदेशालय देहरादून से प्राप्त निर्देशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक यातायात त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण में जिलेभर में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि रोकना और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।

इसी क्रम में थाना पोखरी पुलिस ने राजकीय महाविद्यालय नागनाथ पोखरी एवं राजकीय पॉलिटेक्निक पोखरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।

इसके अलावा कोतवाली गोपेश्वर, गैरसैंण, ज्योतिर्मठ, चमोली, थाना थराली और यातायात पुलिस चमोली की टीमों ने भी जनपद के विभिन्न स्थानों पर लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी।

कार्यक्रमों के दौरान पुलिस ने आमजन और छात्र-छात्राओं को बताया कि दोपहिया वाहन पर केवल चालक ही नहीं, बल्कि पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना जरूरी है।

इस दौरान जागरूकता पंपलेट वितरित कर लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और अपनी सुरक्षा के साथ सहयात्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की गई।

चमोली पुलिस ने लोगों को पहले से सचेत करते हुए बताया कि 23 नवंबर से नियम का उल्लंघन करने पर वाहन चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि चालानी कार्रवाई शुरू होने से पहले लोगों को जागरूक करने का उद्देश्य यह है कि सभी वाहन चालक और पीछे बैठने वाले यात्री समय रहते नियम का पालन शुरू कर दें।

चमोली पुलिस की अपील

पुलिस ने दोपहिया वाहन से सफर करने वाले सभी लोगों से अपील की है कि चालक और पीछे बैठने वाला व्यक्ति, दोनों अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और उसकी स्ट्रिप लॉक करना न भूलें।

यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए करें।

ये भी पढ़ें:   Information:-एआई आधारित ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *