Headlines

Election:- उत्तराखंड चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, 70 सीटों पर प्रत्याशी चयन को लेकर स्क्रीनिंग कमेटी ने शुरू किया मंथन

पंचूर वार्ता |उत्तराखंड चुनाव

देहरादून,28 नवम्बर 2026।

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

इसी क्रम में कांग्रेस की उत्तराखंड स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष दीपा दासमुंशी ने शनिवार को देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रारंभिक बैठक की।

बैठक में प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर संभावित प्रत्याशियों की दावेदारी, चुनावी समीकरण और प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य अनिल चौधरी और पाल भाई अंबालिया भी मौजूद रहे। इस दौरान प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों,

संगठन की स्थिति और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में संभावित प्रत्याशियों की मजबूती को लेकर सुझाव लिए गए।

सभी 70 सीटों पर प्रत्याशी चयन को लेकर होगा मंथन-

स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष दीपा दासमुंशी ने कहा कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों के साथ चर्चा की जा रही है।

सभी से सुझाव लिए जा रहे हैं,

ताकि जमीनी परिस्थितियों और संगठनात्मक मजबूती को ध्यान में रखते हुए आगे की चुनावी रणनीति तैयार की जा सके।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया में सभी पहलुओं का आकलन किया जाएगा।

पार्टी का प्रयास है कि मजबूत जनाधार और जीतने की क्षमता रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाए।

दो दिवसीय दौरे में पदाधिकारियों से भी होगी चर्चा-

स्क्रीनिंग कमेटी का उत्तराखंड दौरा दो दिवसीय है। इसके अगले चरण में पार्टी के विभिन्न पदाधिकारियों और प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों के साथ भी बैठकें प्रस्तावित हैं।

इन बैठकों में विधानसभा क्षेत्रों की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की सक्रियता और संभावित प्रत्याशियों की स्थिति का आकलन किया जाएगा।

स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्य अनिल चौधरी ने बताया कि वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई पहली बैठक सकारात्मक रही।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी 70 विधानसभा सीटों पर पारदर्शी और मजबूत प्रत्याशी चयन की दिशा में काम कर रही है।

चुनावी तैयारी के लिहाज से अहम है बैठक-

राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस की यह कवायद राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

पार्टी नेतृत्व जहां संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने में जुटा है,

वहीं स्क्रीनिंग कमेटी की शुरुआती बैठकों से प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को भी गति मिलने की उम्मीद है।

अब देखना होगा कि कांग्रेस प्रदेश की सभी सीटों पर उम्मीदवारों के चयन को लेकर किस तरह की रणनीति अपनाती है।

ये भी पढ़ें:   Agitation:- गांधी पार्क में जुटीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ती , प्रदेश अध्यक्ष खत्री बोलीं - रणनीति के साथ आगे बढ़ेगा आंदोलन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *